Tuesday, April 29, 2025
spot_img
Homeटॉप न्यूजपद्म अवॉर्ड्स 2025: अजीत कुमार, शेखर कपूर, पंकज उधास सहित 71 विभूतियों...

पद्म अवॉर्ड्स 2025: अजीत कुमार, शेखर कपूर, पंकज उधास सहित 71 विभूतियों को मिला राष्ट्रीय सम्मान

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोमवार को राष्ट्रपति भवन में 2025 के लिए आयोजित पहली पद्म अवॉर्ड सेरेमनी में 71 विशिष्ट व्यक्तियों को सम्मानित किया। इस समारोह में 4 पद्म विभूषण, 10 पद्म भूषण और 57 पद्म श्री पुरस्कार प्रदान किए गए। शेष पुरस्कार विजेताओं को जल्द ही एक अलग आयोजन में सम्मानित किया जाएगा।

कला से खेल तक, देश की विविध प्रतिभाओं को मिला गौरव

कला के क्षेत्र में साउथ फिल्मों के सुपरस्टार अजीत कुमार और प्रख्यात फिल्म निर्देशक शेखर कपूर को पद्म भूषण से नवाजा गया।

वहीं दिवंगत गजल सम्राट पंकज उधास को मरणोपरांत पद्म भूषण प्रदान किया गया, जो उनकी पत्नी फरीदा उधास ने ग्रहण किया।

खेल की दुनिया में, भारतीय क्रिकेटर रविचंद्रन अश्विन को पद्मश्री और हॉकी स्टार पीआर श्रीजेश को पद्म भूषण से सम्मानित किया गया।

योग शिक्षा को वैश्विक स्तर पर फैलाने वाली कुवैत की शेखा अली अल-जबर अल-सबा को चिकित्सा क्षेत्र में योगदान के लिए पद्मश्री से नवाजा गया।

सामाजिक कार्य और चिकित्सा क्षेत्र में भी विशिष्ट योगदान को मिला सम्मान

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सामाजिक कार्यकर्ता सुरेश हरिलाल सोनी को सम्मानित करने के लिए स्वयं मंच से उतरकर उन्हें पद्मश्री प्रदान किया। कैंसर विशेषज्ञ डॉ. विजयलक्ष्मी देशमाने को चिकित्सा क्षेत्र में उल्लेखनीय सेवा के लिए पद्मश्री पुरस्कार मिला।

गुमनाम नायकों को पहचान दिलाते हुए सरकार ने इस बार 30 अनसुनी प्रतिभाओं को भी पद्म पुरस्कारों के लिए चुना है। इनमें 100 वर्षीया लीबिया लोबो सरदेसाई भी शामिल हैं, जिन्होंने गोवा के स्वतंत्रता संग्राम में अहम भूमिका निभाई थी। लीबिया ने 1955 में पुर्तगाली शासन के खिलाफ ‘स्वतंत्रता की आवाज’ नामक अंडरग्राउंड रेडियो स्टेशन की स्थापना की थी।

साहित्य, संगीत और परंपरागत कला क्षेत्र के कलाकारों को भी सराहना मिली

कला जगत में पारंपरिक कठपुतली कला टोगलु गोंबेयाटा की साधिका, 96 वर्षीय भीमाव्वा डोड्डाबलप्पा शिलेक्याथारा को पद्मश्री से सम्मानित किया गया।

प्रसिद्ध गायक जसपिंदर नरूला और रागी-शबद गायक भाई हरजिंदर सिंह को भी उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए पद्मश्री प्रदान किया गया।

साहित्य और शिक्षा के क्षेत्र में अमेरिकी लेखक स्टीफन नैप, वैदिक विद्वान गणेश्वर शास्त्री द्रविड़ और उत्तर प्रदेश विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित को पद्मश्री पुरस्कार से नवाजा गया।

उद्योग, सार्वजनिक सेवा और व्यापार क्षेत्र में भी सम्मान

व्यापार और उद्योग के क्षेत्र में सुजुकी मोटर के पूर्व सीईओ ओसामु सुजुकी (मरणोपरांत) को पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया, जो उनके बेटे तोशीहिरो सुजुकी ने ग्रहण किया। इसके अलावा एशियन इंस्टीट्यूट ऑफ गैस्ट्रोएंटरोलॉजी के अध्यक्ष डी नागेश्वर रेड्डी को भी पद्म विभूषण मिला।

बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी (मरणोपरांत) को सार्वजनिक जीवन में योगदान के लिए पद्म भूषण से सम्मानित किया गया। उनकी पत्नी जेसी सुशील मोदी ने यह सम्मान राष्ट्रपति से प्राप्त किया।

स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की पूर्व अध्यक्ष अरुंधति भट्टाचार्य और उद्योगपति पवन कुमार गोयनका को भी उनके क्षेत्रों में अद्वितीय योगदान के लिए पद्म श्री से नवाजा गया।

अन्य खबरें