राजस्थान में गर्मी ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। नौतपा शुरू होने से पहले ही प्रदेश के ज़्यादातर हिस्से तपती दोपहरी और लू के थपेड़ों से झुलस रहे हैं। शुक्रवार को तापमान में 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई, जिससे आम जनजीवन पर गर्मी का असर और तेज हो गया है। स्थिति ऐसी हो गई है कि दिन के समय घर से बाहर निकलना बेहद मुश्किल हो गया है।
राजस्थान के सात शहर देश के सबसे गर्म शहरों में शुमार हो चुके हैं, जहां पारा 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। मौसम विभाग ने आज शनिवार 24 मई को पश्चिमी राजस्थान के लिए तूफान, बिजली गिरने और तेज आंधी को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है।
25 मई से शुरू होगा नौतपा, और बढ़ेगी प्रदेश में तपिश
राजस्थान में 25 मई से नौतपा का आगाज़ होने वाला है, जिसे गर्मी के सबसे तीखे दिन माना जाता है। मौसम विभाग के अनुसार इन नौ दिनों में सूरज की तपिश ज़मीन को झुलसा देगी और तापमान में और बढ़ोतरी देखने को मिलेगी। नौतपा का असर हर साल स्पष्ट दिखता है, लेकिन इस बार इसकी शुरुआत से पहले ही प्रदेश झुलस रहा है।
अधिकांश जिलों में तापमान चरम पर
राज्य के मौसम विभाग द्वारा जारी 24 घंटे की रिपोर्ट के अनुसार, शुक्रवार को जैसलमेर में अधिकतम तापमान 48.0 डिग्री और बाड़मेर में 47.5 डिग्री दर्ज किया गया। जोधपुर में न्यूनतम तापमान भी 31.7 डिग्री रहा, जो रात की गर्मी का संकेत है। उदयपुर, कोटा और अजमेर संभाग में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हुई, जबकि शाहपुरा (भीलवाड़ा) में सबसे अधिक 30 मिमी वर्षा दर्ज की गई।
शहर | अधिकतम तापमान |
---|---|
जैसलमेर | 48.0°C |
बाड़मेर | 47.5°C |
बीकानेर | 46.4°C |
चूरू | 45.6°C |
जोधपुर | 44.5°C |
श्रीगंगानगर | 44.1°C |
जयपुर | 43.2°C |
अजमेर | 43.1°C |
सीकर | 43.0°C |
कोटा | 42.3°C |
चित्तौड़गढ़ | 42.3°C |
अलवर | 40.5°C |
माउंट आबू | 32.0°C |
वहीं, हवा में आर्द्रता की बात करें तो राज्य के विभिन्न भागों में यह 16 से 75 प्रतिशत के बीच रही, जो लू की स्थिति को और भी खतरनाक बनाती है।
गर्मी के कारण अगले तीन दिन मुश्किल
आगामी दिनों को देखते हुए मौसम विभाग ने प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों के लिए रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। बीकानेर, जोधपुर, जयपुर और भरतपुर संभाग के कई जिलों में लू, तेज लू और गर्म रातों की चेतावनी दी गई है। खासतौर पर जोधपुर, बीकानेर और शेखावाटी क्षेत्रों में अगले 2 से 3 दिन तक भीषण गर्म रातें बनी रहेंगी।
पूर्वी हवाएं भी सक्रिय हो रही हैं, जिससे कुछ क्षेत्रों में 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने की संभावना है। यह स्थिति लोगों के लिए और चुनौतीपूर्ण बन सकती है।