शनिवार, मई 2, 2026
spot_img
होमराजस्थानट्रक की टक्कर से कैंपर में सवार वनकर्मी समेत चार जनों की...

ट्रक की टक्कर से कैंपर में सवार वनकर्मी समेत चार जनों की मौत, हिरण को शिकारियों से बचाने निकले थे

जैसलमेर के लाठी थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात को एक कैंपर और ट्रक की टक्कर में वन विभाग के कर्मचारी समेत चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। ये सभी वन्य क्षेत्र में शिकारियों की सूचना मिलने पर हिरण को बचाने निकले थे।

जानकारी के अनुसार वन्यजीव प्रेमी राधेश्याम विश्नोई, श्याम प्रसाद, कंवराज सिंह भाटी और वनकर्मी सुरेंद्र चौधरी शिकार की सूचना पर लाठी के जंगलों की ओर जा रहे थे। रात करीब दस बजे रास्ते में गैस एजेंसी के सामने उनकी कैम्पर गाड़ी की ट्रक से भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि गाड़ी पूरी तरह पिचक गई और शव अंदर ही फंस गए।

क्रेन से निकाले गए शव, पोकरण हॉस्पिटल में पहुंचाए गए

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। बचाव कार्य के दौरान वाहन का अगला हिस्सा काटकर क्रेन की मदद से शव बाहर निकाले गए। सभी मृतकों के शवों को पोकरण अस्पताल भेजा गया, जहां पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई की जा रही है।

राधेश्याम विश्नोई ने 1000 से ज्यादा हिरणों की जान बचाई

28 वर्षीय राधेश्याम विश्नोई लंबे समय से वन्य जीव संरक्षण के लिए सक्रिय थे। अब तक वे एक हजार से अधिक हिरणों को रेस्क्यू कर चुके थे। उनके समर्पण को देखते हुए उन्हें सेंचुरी एशिया यंग नेचरिस्ट अवॉर्ड समेत कई सम्मानों से नवाज़ा गया था। विश्नोई समाज ने भी उन्हें विशेष सम्मान प्रदान किया था। दुर्घटना में जान गंवाने वाले श्याम प्रसाद भारतीय सेना से रिटायर्ड थे, जबकि कंवराज सिंह भाटी भादरिया गोशाला से जुड़े हुए थे और वन्य जीवन के प्रति समर्पित थे। वन रक्षक सुरेंद्र चौधरी बालोतरा के निवासी थे और एक साल पहले ही लाठी वन विभाग में पदस्थ हुए थे।

अन्य खबरें