राजस्थान लोक सेवा आयोग (आरपीएससी) के अधिकारियों और कर्मचारियों की संयुक्त संघर्ष समिति ने आज से दो दिवसीय पेन डाउन हड़ताल शुरू कर दी है। कर्मचारियों का कहना है कि आयोग में खाली पड़े पदों पर भर्ती ना होने के कारण कार्यभार लगातार बढ़ रहा है। इस विरोध प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने काली पट्टी बांधकर अपनी नाराजगी जताई।
कर्मचारियों का कहना है कि आरपीएससी (RPSC) ने 2025 का परीक्षा कैलेंडर जारी किया है, जिसमें इस साल 80 दिनों में 158 परीक्षाएं आयोजित की जानी हैं। इन परीक्षाओं के लिए 38 लाख अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया है। बढ़ते कार्यभार को देखते हुए कर्मचारियों ने प्रशासन से 98 खाली पदों पर भर्ती की मांग की थी।
आयोग प्रशासन पर अनदेखी का आरोप
संघर्ष समिति के अध्यक्ष दयाकर शर्मा ने बताया कि करीब 20 दिन पहले प्रशासन को ज्ञापन सौंपा गया था, लेकिन अब तक कोई सकारात्मक जवाब नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि कई बार प्रशासन से गुहार लगाने के बावजूद ठोस कदम नहीं उठाए गए। पहले चार दिनों तक काली पट्टी बांधकर विरोध किया गया और अब पेन डाउन हड़ताल शुरू कर दी गई है।
बड़े स्तर पर आंदोलन की तैयारी
कर्मचारियों ने स्पष्ट किया है कि यदि प्रशासन ने जल्द ही उनकी मांगों पर विचार नहीं किया, तो वे साप्ताहिक अवकाश लेकर भी हड़ताल पर जा सकते हैं। साथ ही, चेतावनी दी है कि अगर उनकी मांगें नहीं मानी गईं, तो बड़े पैमाने पर आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी आयोग प्रशासन की होगी।