Wednesday, April 30, 2025
spot_img
Homeटॉप न्यूजप्रधानमंत्री मोदी छठे बिम्सटेक शिखर सम्मेलन में होंगे शामिल, थाईलैंड और श्रीलंका...

प्रधानमंत्री मोदी छठे बिम्सटेक शिखर सम्मेलन में होंगे शामिल, थाईलैंड और श्रीलंका यात्रा पर रवाना

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को छठे बिम्सटेक शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए थाईलैंड के लिए रवाना हुए। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी थाईलैंड और श्रीलंका की आधिकारिक यात्रा पर हैं।

प्रधानमंत्री मोदी ने यात्रा से पहले कहा कि वह तीन दिनों तक थाईलैंड और श्रीलंका में रहेंगे। इस दौरान दोनों देशों के साथ भारत के संबंधों को और मजबूत बनाने पर चर्चा करेंगे।

थाईलैंड में पीएम मोदी का कार्यक्रम

यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी थाईलैंड के प्रधानमंत्री पैतोंगटार्न शिनावात्रा से मुलाकात करेंगे। इस दौरान भारत-थाईलैंड मैत्री के विभिन्न पहलुओं पर गहन चर्चा होगी। इसके अलावा, प्रधानमंत्री मोदी थाईलैंड के राजा महा वजीरालोंगकोर्न से भी मुलाकात करेंगे।

शुक्रवार को आयोजित छठे बिम्सटेक शिखर सम्मेलन में प्रधानमंत्री मोदी शामिल होंगे। इस सम्मेलन का मुख्य विषय है – ‘बिम्सटेक – समृद्ध, लचीला और खुला’। सम्मेलन के दौरान बिम्सटेक सहयोग को और अधिक सुदृढ़ बनाने के तरीकों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।

श्रीलंका यात्रा के प्रमुख बिंदु

प्रधानमंत्री मोदी की श्रीलंका यात्रा 4 से 6 अप्रैल के बीच होगी। यह यात्रा श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमार की हालिया भारत यात्रा के बाद हो रही है। प्रधानमंत्री मोदी ने बताया कि इस दौरे का उद्देश्य भारत-श्रीलंका संबंधों की समीक्षा करना और सहयोग के नए अवसरों की खोज करना है।

श्रीलंका दौरे के दौरान पीएम मोदी बहुआयामी भारत-श्रीलंका मैत्री पर चर्चा करेंगे और द्विपक्षीय सहयोग को और मजबूत बनाने के प्रयास करेंगे।

पहली फिजिकल बैठक के लिए बिम्सटेक नेताओं का जमावड़ा

विदेश मंत्रालय के अनुसार, 2018 में नेपाल के काठमांडू में आयोजित चौथे बिम्सटेक शिखर सम्मेलन के बाद यह पहली फिजिकल बैठक होगी। पिछले यानी पांचवें बिम्सटेक शिखर सम्मेलन का आयोजन मार्च 2022 में श्रीलंका में वर्चुअल रूप में किया गया था। इस बार का शिखर सम्मेलन बिम्सटेक के सहयोग को और अधिक गति प्रदान करने के तरीकों पर केंद्रित रहेगा। थाईलैंड वर्तमान में बिम्सटेक का अध्यक्ष है और वह इस बैठक की मेजबानी कर रहा है।

अन्य खबरें