एअर इंडिया की फ्लाइट AI-171 हादसे के बाद अहमदाबाद का बीजे मेडिकल कॉलेज परिसर मातम में डूब गया है। अब तक 265 शव बरामद किए जा चुके हैं, जिनमें 241 यात्री और क्रू मेंबर शामिल हैं। बाकी 5 मृतक मेडिकल हॉस्टल के हैं, जहां विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ। केवल एक ब्रिटिश-भारतीय नागरिक की जान बच पाई है, जिसकी हालत भी गंभीर बनी हुई है।
विमान सीधा मेडिकल कॉलेज के छात्रावास पर गिरा। हादसे के वक्त वहां 50 से ज्यादा लोग मौजूद थे। जानकारी के मुताबिक, 4 MBBS छात्र और एक डॉक्टर की पत्नी की मौत हुई है। वहीं, 45 से अधिक स्टूडेंट्स को सुरक्षित बाहर निकाला गया, जिनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
ब्लैकबॉक्स हॉस्टल की छत पर मिला
एविएशन मंत्रालय ने पुष्टि की है कि ब्लैकबॉक्स यानी DFDR (डिजिटल फ्लाइट डेटा रिकॉर्डर) को घटनास्थल के मलबे से बरामद कर लिया गया है। ये डिवाइस मेडिकल हॉस्टल की छत पर क्षतिग्रस्त अवस्था में मिला, जिसे अब दिल्ली भेजा गया है। AAIB ने स्पष्ट किया है कि ब्लैकबॉक्स और DFDR एक ही होते हैं, ताकि सोशल मीडिया पर फैली भ्रांतियों को दूर किया जा सके।
पीएम मोदी ने किया दौरा, घायलों से मिले
घटना के बाद शुक्रवार सुबह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अहमदाबाद पहुंचे। उन्होंने पहले घटनास्थल का निरीक्षण किया, फिर सिविल अस्पताल में घायलों से मुलाकात की। पीएम ने वहां करीब 10 मिनट तक पीड़ितों से बात की और उन्हें हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।
DNA जांच से होगी शवों की शिनाख्त
दुर्घटना के कारण शव बुरी तरह जले हुए हैं। ऐसे में कई शवों की पहचान संभव नहीं हो पाई है। पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी का शव भी इसी स्थिति में मिला है। उनके बेटे के अमेरिका से लौटने के बाद DNA टेस्ट की पुष्टि होने पर अंतिम संस्कार राजकोट में किया जाएगा।
सात एजेंसियां कर रहीं जांच
हादसे की गंभीरता को देखते हुए केंद्र सरकार ने NIA, AAIB, DGCA समेत सात राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों को जांच में शामिल किया है। इन एजेंसियों में अमेरिका और ब्रिटेन के विमान सुरक्षा बोर्ड भी शामिल हैं। NSG की स्पेशल टीम भी घटनास्थल पर पहुंच गई है।
स्निफर डॉग और हेल्पलाइन एक्टिव
अहमदाबाद पुलिस ने स्निफर डॉग्स के साथ मलबे की दोबारा छानबीन शुरू की है, ताकि किसी जीवित व्यक्ति की संभावना तलाशी जा सके। इस बीच एअर इंडिया ने परिजनों की सहायता के लिए अहमदाबाद, दिल्ली, मुंबई और गैटविक एयरपोर्ट पर हेल्प डेस्क शुरू किए हैं। भारत से संपर्क के लिए नंबर 1800 5691 444 और अंतरराष्ट्रीय कॉल के लिए 8062779200 जारी किया गया है।
DGCA ने 787 विमानों की जांच के निर्देश दिए
प्लेन हादसे के बाद DGCA ने बोइंग 787-8 और 787-9 ड्रीमलाइनर विमानों की विशेष सुरक्षा जांच के निर्देश जारी किए हैं। 15 जून 2025 से इन विमानों की ट्रांजिट चेकिंग के तहत फ्यूल सिस्टम, इंजन कंट्रोल और टेकऑफ पैरामीटर्स की गहन जांच की जाएगी। साथ ही, पिछले 15 दिनों की तकनीकी गड़बड़ियों की समीक्षा कर DGCA को रिपोर्ट सौंपी जानी है।

