गुरूवार, जून 4, 2026
spot_img
होमटॉप न्यूजअहमदाबाद विमान हादसे की जांच 360 डिग्री मोड में, अमेरिकी एजेंसी भी...

अहमदाबाद विमान हादसे की जांच 360 डिग्री मोड में, अमेरिकी एजेंसी भी शामिल, बोइंग टीम ने दूसरा ब्लैक बॉक्स बरामद किया

एयर इंडिया की विमान दुर्घटना की जांच अब और गहराई में प्रवेश कर चुकी है। अहमदाबाद एयरपोर्ट पर काम कर रहे ग्राउंड हैंडलिंग स्टाफ से सुरक्षा एजेंसियों ने लंबी पूछताछ की है। ये वही कर्मचारी हैं जिन्होंने उड़ान से पहले विमान की बाहरी और तकनीकी जांच की थी। सभी से बयान दर्ज किए गए और जांच की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए उनके मोबाइल फोन भी जब्त कर लिए गए हैं।

सीसीटीवी फुटेज भी एजेंसियों के पास

जांच एजेंसियों ने एयरपोर्ट परिसर की सीसीटीवी रिकॉर्डिंग भी कब्जे में ले ली है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यह एक 360 डिग्री जांच है, जिसमें किसी भी संभावना को नज़रअंदाज़ नहीं किया जा रहा। शुरुआती तौर पर विमान के साथ किसी संभावित छेड़छाड़ की आशंका को भी एजेंसियों ने खारिज नहीं किया है।

दूसरा ब्लैक बॉक्स बरामद

सोमवार को जांच में बड़ी सफलता मिली जब बोइंग कंपनी की एक विशेषज्ञ टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डर (CVR) के साथ दूसरा ब्लैक बॉक्स भी सुरक्षित रूप से बरामद कर लिया। इससे पहले शुक्रवार को पहला ब्लैक बॉक्स मिल चुका था, जो फ्लाइट डेटा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी देता है।

अमेरिकी एजेंसी की एंट्री

जांच में अब अमेरिका की राष्ट्रीय परिवहन सुरक्षा बोर्ड (NTSB) भी शामिल हो गई है। चूंकि हादसे का शिकार हुआ विमान अमेरिकी निर्माण का था, इसीलिए अंतरराष्ट्रीय नागरिक उड्डयन नियमों के तहत NTSB को जांच का हिस्सा बनाया गया है। यह एजेंसी अब तक की सबसे निष्पक्ष और तकनीकी जांच एजेंसियों में मानी जाती है।

विशेषज्ञों की टीम मौके पर मौजूद

सूत्रों के मुताबिक, NTSB के साथ कई अंतरराष्ट्रीय तकनीकी विशेषज्ञों की टीम अहमदाबाद पहुंच चुकी है। वे विमान के मलबे और डिजिटल डेटा के विश्लेषण में भारतीय जांच एजेंसियों की मदद कर रहे हैं।
वायुयान दुर्घटना अन्वेषण ब्यूरो (AAIB) पहले ही हादसे की व्यापक जांच की प्रक्रिया शुरू कर चुका है।

360 डिग्री जांच के केंद्र में हैं ये सवाल

फिलहाल जांच के केंद्र में यह जानना है कि क्या हादसे में कोई मानवीय लापरवाही, तकनीकी खामी या जानबूझकर की गई छेड़छाड़ शामिल थी। सभी दृष्टिकोणों से जुटाए गए डिजिटल, मौखिक और भौतिक साक्ष्य अब जांच अधिकारियों के पास हैं, जिनका विश्लेषण आने वाले दिनों में अहम दिशा तय कर सकता है।

अन्य खबरें