शनिवार, जून 13, 2026
spot_img
होमटॉप न्यूजएयर इंडिया क्रैश की रिपोर्ट में बड़ा खुलासा: टेकऑफ के ठीक बाद...

एयर इंडिया क्रैश की रिपोर्ट में बड़ा खुलासा: टेकऑफ के ठीक बाद दोनों इंजन खुद-ब-खुद बंद, कॉकपिट में मची अफरातफरी

अहमदाबाद से लंदन जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI 171 हादसे के एक महीने बाद अब इसकी शुरुआती जांच रिपोर्ट सामने आ चुकी है। विमान हादसे की वजह दोनों इंजन का अचानक बंद हो जाना बताया गया है। टेकऑफ के ठीक बाद दोनों फ्यूल स्विच एक-एक करके कटऑफ मोड में चले गए, जिससे इंजन में फ्यूल की सप्लाई रुक गई और प्लेन 32 सेकेंड के अंदर क्रैश हो गया। कॉकपिट की रिकॉर्डिंग में दोनों पायलटों के बीच उस पल की बातचीत भी सामने आई है जिसमें एक पायलट ने पूछा – “तुमने स्विच बंद किया?”, जवाब मिला – “नहीं”। एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (AAIB) की रिपोर्ट में मौसम, बर्ड हिट या टेक्निकल फेल्योर जैसी कोई वजह सामने नहीं आई है, जिससे अब सवाल पायलट्स की संभावित चूक पर उठ रहे हैं। हालांकि एयरलाइन पायलट्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (APAI) ने रिपोर्ट पर आपत्ति जताई है और जांच को पारदर्शी बनाने की मांग की है।

टेकऑफ के कुछ सेकेंड बाद ही इंजन बंद

12 जून को अहमदाबाद से लंदन जा रही फ्लाइट AI 171 टेकऑफ के कुछ सेकेंड बाद ही एक मेडिकल हॉस्टल की बिल्डिंग से टकरा गई थी। इस हादसे में 270 लोगों की जान चली गई थी, जिसमें 241 यात्री और क्रू मेंबर शामिल थे। सिर्फ एक शख्स इस दर्दनाक हादसे में जिंदा बच पाया। अब 12 जुलाई को जारी 15 पन्नों की रिपोर्ट में साफ हो गया है कि प्लेन के दोनों इंजन अचानक बंद हो गए थे और वो भी हवा में उड़ते वक्त।

फ्यूल स्विच कैसे बंद हुए – अब भी रहस्य

AAIB की रिपोर्ट के मुताबिक टेकऑफ के 30 सेकेंड के भीतर विमान के दोनों इंजन एक-एक करके बंद हो गए। इसकी वजह फ्यूल कटऑफ स्विच का बंद होना बताई गई है, जो एक सेकेंड के अंतराल पर RUN से CUTOFF मोड में चले गए। रिपोर्ट में यह नहीं बताया गया कि ये स्विच क्यों और कैसे बंद हुए। जबकि ये कोई ऐसा स्विच नहीं होता जो गलती से हाथ लग जाए, इसे तीन स्टेप में ही बदला जा सकता है – पकड़ना, लॉक खोलना और रिलीज करना।

पायलटों की बातचीत में दिखी घबराहट

रिपोर्ट में कॉकपिट ऑडियो भी शामिल है, जिसमें टेकऑफ के तुरंत बाद पायलटों की बातचीत रिकॉर्ड हुई। एक पायलट ने दूसरे से पूछा – “तुमने क्यों बंद किया (इंजन)?”, तो जवाब मिला – “मैंने नहीं किया”। इसके बाद दोनों ने इंजन दोबारा चालू करने की कोशिश की लेकिन ऊंचाई काफी कम थी, जिससे इंजन को पावर रिकवर करने का वक्त नहीं मिला और विमान नीचे आकर क्रैश हो गया।

तकनीकी गड़बड़ी या पायलट की गलती – अभी तय नहीं

रिपोर्ट में स्पष्ट किया गया है कि विमान और इंजन को लेकर अभी तक कोई तकनीकी खराबी नहीं पाई गई है। मौसम एकदम साफ था, विजिबिलिटी अच्छी थी और बर्ड हिट जैसी कोई घटना नहीं हुई थी। इसके अलावा पायलट्स की मेडिकल रिपोर्ट भी फिट थी। विमान को उड़ाने वाले पायलट के पास 15,000 घंटे और को-पायलट के पास 3,400 घंटे का उड़ान अनुभव था।

APAI ने उठाए जांच पर सवाल

एयरलाइन पायलट्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (APAI) ने इस रिपोर्ट पर कड़ी आपत्ति जताई है। उनका कहना है कि शुरुआती जांच बिना किसी जिम्मेदार अधिकारी के हस्ताक्षर के मीडिया में लीक कर दी गई, जिससे पारदर्शिता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। APAI ने मांग की है कि जांच निष्पक्ष हो और इसमें अनुभवी पायलटों को भी शामिल किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी है कि केवल कॉकपिट बातचीत के आधार पर नतीजा निकालना सही नहीं होगा।

 Nationalbreaking.com । नेशनल ब्रेकिंग - सबसे सटीक
  1. एयर इंडिया की फ्लाइट AI 171 टेकऑफ के 32 सेकेंड बाद क्रैश हो गई थी, जिसमें 270 लोगों की मौत हुई।
  2. AAIB की रिपोर्ट में बताया गया है कि दोनों इंजन फ्यूल स्विच बंद होने से बंद हो गए थे।
  3. कॉकपिट रिकॉर्डिंग में सामने आया कि पायलटों को भी नहीं पता था स्विच कैसे बंद हुए।
  4. जांच में मौसम, बर्ड हिट या तकनीकी गड़बड़ी जैसी कोई वजह नहीं मिली।
  5. पायलट संगठन APAI ने रिपोर्ट को पक्षपाती बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की।
अन्य खबरें