Saturday, October 24, 2026
spot_img
Homeटॉप न्यूज204 लोगों की मौत की पुष्टि, डीएनए से होगी शवों की पहचान-...

204 लोगों की मौत की पुष्टि, डीएनए से होगी शवों की पहचान- गुजरात विमान हादसे से पूरा देश दहला

गुजरात के अहमदाबाद में हुए एअर इंडिया के भीषण विमान हादसे में अब तक 204 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 41 घायलों का इलाज अहमदाबाद सिविल अस्पताल में चल रहा है। यह हादसा तब हुआ जब एयर इंडिया की फ्लाइट AI-171 टेकऑफ के कुछ ही देर बाद तकनीकी गड़बड़ी के चलते बी.जे. मेडिकल कॉलेज के रेजिडेंट हॉस्टल पर आकर गिर गई। विमान में कुल 242 लोग सवार थे, जिसमें से ज्यादातर भारतीय नागरिक थे।

पुलिस कमिश्नर ने दी पुष्टि, DNA से होगी पहचान

अहमदाबाद पुलिस कमिश्नर ने हादसे में अब तक 204 शव मिलने की पुष्टि की है। चूंकि कई शव बुरी तरह जल चुके हैं, ऐसे में उनकी पहचान सिर्फ डीएनए टेस्ट के जरिए ही संभव है। इसके लिए सिविल अस्पताल प्रशासन ने यात्रियों के परिजनों से डीएनए सैंपल लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। बी.जे. मेडिकल कॉलेज के कसोटी भवन में एक विशेष केंद्र बनाया गया है, जहां माता-पिता या बच्चों से सैंपल लिए जा रहे हैं।

हॉस्पिटल में चल रहा है घायलों का इलाज, हेल्पलाइन नंबर जारी

इस हादसे में घायल हुए 50 से ज्यादा मरीजों को सिविल अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती किया गया है। डॉक्टरों के मुताबिक सभी की हालत अभी स्थिर है। अस्पताल प्रशासन ने यात्रियों के परिजनों के लिए दो हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं ताकि वे अपने घायल प्रियजनों की स्थिति के बारे में जानकारी ले सकें।

कौन थे विमान में सवार- नागरिकता का विवरण आया सामने

एयर इंडिया की ओर से जारी बयान में बताया गया कि क्रैश हुए विमान में 169 भारतीय, 53 ब्रिटिश, 1 कनाडाई और 7 पुर्तगाली नागरिक सवार थे। फिलहाल इन यात्रियों की पहचान का काम चल रहा है और उनके परिजनों को जानकारी दी जा रही है।

पायलट सुमित सभरवाल थे कमान में, 8200 घंटे का था अनुभव

इस फ्लाइट की कमान कैप्टन सुमित सभरवाल के हाथ में थी, जो बेहद अनुभवी पायलट माने जाते हैं। उनके पास 8200 घंटे उड़ान का अनुभव था। उनके साथ फर्स्ट ऑफिसर क्लाइव कुंदर भी कॉकपिट में मौजूद थे। हादसे के बाद दिल्ली से अहमदाबाद आने वाली सभी उड़ानों को अस्थायी रूप से रद्द कर दिया गया है।

 Nationalbreaking.com । नेशनल ब्रेकिंग - सबसे सटीक
  1. अहमदाबाद एयर इंडिया हादसे में 204 शव मिले, 41 यात्री अस्पताल में भर्ती हैं
  2. शवों की पहचान के लिए यात्रियों के परिजनों से डीएनए सैंपल लिए जा रहे हैं
  3. हादसे के वक्त विमान में कुल 242 लोग सवार थे
  4. पायलट सुमित सभरवाल के पास 8200 घंटे का उड़ान अनुभव था
  5. हादसे के बाद दिल्ली-अहमदाबाद की सभी फ्लाइट्स अस्थायी रूप से रद्द कर दी गईं
अन्य खबरें