Sunday, October 25, 2026
spot_img
Homeटॉप न्यूजएयर इंडिया हादसे में चमत्कारिक रूप से बचा एक शख्स, बोला- मौत...

एयर इंडिया हादसे में चमत्कारिक रूप से बचा एक शख्स, बोला- मौत आंखों के सामने थी, फिर भी बच गया

गुजरात के अहमदाबाद से लंदन जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI-171 टेकऑफ के कुछ ही मिनट बाद क्रैश हो गई. बोइंग 787 ड्रीमलाइनर जैसे ही दोपहर 1:39 बजे रनवे से उड़ा, वैसे ही उसमें तकनीकी गड़बड़ी आई और वो मेघाणी नगर इलाके में बी.जे. मेडिकल कॉलेज की मेस बिल्डिंग से टकरा गया. उसके बाद प्लेन अतुल्यम हॉस्टल की बिल्डिंग से भी जा टकराया. टक्कर इतनी जोरदार थी कि पूरा विमान आग का गोला बन गया और चारों तरफ मलबा और धुआं फैल गया.

एक यात्री की चमत्कारिक जान बची

इस बड़े हादसे के बीच एक खबर ने सबको हैरान कर दिया. इस विमान में सवार रमेश विश्वास कुमार नाम के यात्री की जान बच गई. रमेश ने बताया कि धमाके के बाद चारों तरफ आग की लपटें थीं और उन्हें एंबुलेंस से अस्पताल लाया गया. उनका कहना है कि उन्हें अब तक यकीन नहीं हो रहा कि वो जिंदा हैं. रमेश ने कहा, “ये किसी करिश्मे से कम नहीं है.”

अब तक 204 लोगों की मौत की पुष्टि

अहमदाबाद पुलिस कमिश्नर जीएस मलिक के मुताबिक इस हादसे में अब तक 204 लोगों की मौत हो चुकी है. 41 लोग अस्पताल में भर्ती हैं और इलाज चल रहा है. हादसे के वक्त विमान में कुल 242 लोग सवार थे जिनमें 230 यात्री और 12 क्रू मेंबर्स शामिल थे. प्लेन क्रैश से हॉस्टल में रह रहे रेजिडेंट डॉक्टर्स को भी नुकसान हुआ है.

पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी की मौत की पुष्टि

गुजरात बीजेपी अध्यक्ष सीआर पाटिल ने कहा कि इस हादसे में पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी की भी मौत हो गई है. उनके निधन की खबर ने राजनीतिक और आम लोगों दोनों को सदमे में डाल दिया है. हादसे के समय रूपाणी विमान में सफर कर रहे थे.

पहचान के लिए डीएनए सैंपल लिए जा रहे

इस हादसे में जिन लोगों की पहचान नहीं हो पाई है, उनके परिजनों से डीएनए सैंपल लिए जा रहे हैं. अहमदाबाद सिविल अस्पताल प्रशासन ने इसके लिए बी.जे. मेडिकल कॉलेज के कसोटी भवन में विशेष इंतजाम किए हैं. स्वास्थ्य विभाग के प्रमुख सचिव धनंजय द्विवेदी ने बताया कि मृतकों की पहचान इसी प्रोसेस से हो पाएगी.

पायलट थे बेहद अनुभवी

इस विमान को कैप्टन सुमित सभरवाल उड़ा रहे थे और उनके साथ फर्स्ट ऑफिसर क्लाइव कुंदर थे. सभरवाल को 8200 घंटे की उड़ान का अनुभव था. फिर भी हादसा कैसे हुआ, ये जांच का विषय है. फिलहाल दिल्ली से अहमदाबाद की सभी फ्लाइट्स को कैंसिल कर दिया गया है.

 Nationalbreaking.com । नेशनल ब्रेकिंग - सबसे सटीक
  1. अहमदाबाद से लंदन जा रहा एयर इंडिया का बोइंग 787 टेकऑफ के बाद क्रैश हुआ.
  2. हादसे में अब तक 204 लोगों की मौत, 41 लोग घायल हैं.
  3. एक यात्री रमेश विश्वास चमत्कारिक रूप से जिंदा बचा.
  4. हादसे में पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी की मौत हुई.
  5. पहचान के लिए मृतकों के परिजनों से डीएनए सैंपल लिए जा रहे हैं.
अन्य खबरें