Sunday, July 19, 2026
spot_img
Homeराजस्थानअजमेर-जयपुर हाईवे पर भीषण सड़क हादसा: चार की मौत, एक गंभीर घायल

अजमेर-जयपुर हाईवे पर भीषण सड़क हादसा: चार की मौत, एक गंभीर घायल

अजमेर-जयपुर नेशनल हाईवे पर एक सड़क दुर्घटना में चार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल है। यह हादसा अजमेर जिले के मांगलियावास थाना क्षेत्र के लामाना गांव के पास स्थित नेशनल हाईवे-48 पर हुआ। कार तेज रफ्तार में डिवाइडर से टकराकर दूसरी लेन में जा घुसी और सामने से आ रहे वाहन से जबरदस्त टकरा गई।

कार बुरी तरह चकनाचूर हो गई

बताया गया है कि यह कार अजमेर से ब्यावर की ओर जा रही थी, तभी ड्राइवर ने अचानक नियंत्रण खो दिया। रफ्तार इतनी तेज थी कि कार डिवाइडर पार कर रॉन्ग साइड में पहुंच गई और दूसरी दिशा से आ रहे वाहन से भिड़ गई। हादसा इतना भयावह था कि कार के परखच्चे उड़ गए।

चार दोस्तों की मौत, एक घायल

हादसे में चौसला गांव निवासी सूरज पुत्र मोहनलाल, बजरंगलाल पुत्र रामलाल, प्रेमचंद पुत्र बोदूराम प्रजापत और कमलेश पुत्र भंवरलाल यादव की मौत हो गई। सभी की उम्र 20 से 30 साल के बीच बताई जा रही है। जबकि विमलेश (23), पुत्र कैलाश गम्भीर रूप से घायल है और फिलहाल अजमेर के जवाहरलाल नेहरू हॉस्पिटल में भर्ती है।

पुलिस रात में ही मौके पर पहुंची

हादसे की खबर मिलते ही मांगलियावास थाने के एएसआई हुकुम सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू शुरू किया गया। सभी शवों को JLN हॉस्पिटल की मोर्च्युरी में शिफ्ट किया गया है। फिलहाल पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई परिजनों के पहुंचने के बाद की जाएगी।

चौसला गांव में पसरा मातम

चार नौजवानों की एक साथ मौत की खबर जैसे ही गांव चौसला पहुंची, पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों और ग्रामीणों की भीड़ अस्पताल में जमा हो गई है। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों की पुष्टि के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

अन्य खबरें