अलवर जिले के लक्ष्मणगढ़ क्षेत्र के बिचगांव में बुधवार सवेरे 7:30 बजे कांवड़ियों से भरा एक ट्रक अचानक हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया। हादसे में दो श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 30 से अधिक लोग झुलस गए।
गांव लौट रहे थे कांवड़िये
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सभी कांवड़िये हरिद्वार से जल लेकर अपने गांव लौट रहे थे। ट्रक जैसे ही बिचगांव पहुंचा, वहां 11 हजार केवी की बिजली लाइन से उसका संपर्क हो गया। करंट का जोर इतना तेज था कि पूरा ट्रक झुलस गया और उसमें सवार लोग बुरी तरह चपेट में आ गए।
गोपाल और सुरेश की मौके पर मौत
मृतकों की पहचान बिचगांव निवासी गोपाल (22) पुत्र लालाराम और सुरेश प्रजापत (40) पुत्र कजोड़ीराम के रूप में हुई है। इनके अलावा गांव के ही 3–4 अन्य कांवड़ियों की हालत भी गंभीर बनी हुई है जिन्हें अलवर रेफर किया गया है।
तीन की हालत गंभीर, छह को अलवर रेफर
करीब 6 झुलसे श्रद्धालुओं को तुरंत अलवर के अस्पताल भेजा गया, जहां तीन की हालत नाजुक बताई जा रही है। अन्य झुलसे लोगों को लक्ष्मणगढ़ और गढ़ी सवाईराम के सरकारी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
गुस्साए लोगों ने रोड पर लगाया जाम
घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला। लोगों ने लक्ष्मणगढ़-मुंडावर रोड पर जाम लगा दिया और प्रशासन से जवाबदेही की मांग की। मौके पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी पहुंचे और समझाइश देकर हालात को काबू में करने की कोशिश की।
एक ही गांव के थे सभी कांवड़िये
हादसे में घायल और मृत सभी श्रद्धालु बिचगांव गांव के ही रहने वाले थे। कांवड़ यात्रा के दौरान सामूहिक रूप से ट्रक में लौटते समय यह हादसा हुआ। गांव में एक साथ इतने लोगों के झुलसने और दो युवकों की मौत से मातम पसरा हुआ है। लोगों ने बिजली विभाग की लापरवाही पर भी सवाल उठाए हैं।

