Sunday, August 2, 2026
spot_img
Homeटॉप न्यूजजम्मू-कश्मीर के रामबन में सेना का वाहन 600 मीटर गहरी खाई में...

जम्मू-कश्मीर के रामबन में सेना का वाहन 600 मीटर गहरी खाई में गिरा, तीन जवान शहीद

जम्मू-कश्मीर के रामबन जिले के बैटरी चश्मा क्षेत्र में रविवार को सेना का एक वाहन दुर्घटनाग्रस्त होकर लगभग 600 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। इस दर्दनाक हादसे में सेना के तीन जवान शहीद हो गए। शहीदों की पहचान अमित कुमार, सुजीत कुमार और मन बहादुर के रूप में की गई है।

श्रीनगर जा रहे काफिले का हिस्सा था वाहन

प्राप्त जानकारी के अनुसार सेना का यह वाहन जम्मू से श्रीनगर की ओर जा रहे एक सैन्य काफिले का हिस्सा था। हादसा रविवार सुबह लगभग साढ़े 11 बजे जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे-44 पर हुआ, जब चालक ने बैटरी चश्मा क्षेत्र में वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और वाहन सीधे गहरी खाई में गिर गया।

घटना की सूचना मिलते ही सेना, पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया।

भूस्खलन और बादल फटने की घटनाएं जारी

गौरतलब है कि शुक्रवार को इसी क्षेत्र में बादल फटने की घटना हुई थी, जिसके बाद मडस्लाइडिंग के कारण नेशनल हाईवे को दोनों दिशाओं से बंद कर दिया गया था। प्रशासन ने नागरिकों को पहले ही आगाह किया था कि जब तक साफ निर्देश न मिले, तब तक यात्रा से बचें। इसके बावजूद सैन्य काफिला निर्धारित गंतव्य की ओर रवाना था।

इससे पहले जनवरी में बांदीपोरा में गई थीं 4 जवानों की जान

यह हादसा साल की दूसरी बड़ी सैन्य सड़क दुर्घटना है। इससे पहले 4 जनवरी को बांदीपोरा जिले के एसके पायीन इलाके में सेना का ट्रक खाई में गिर गया था। उस हादसे में चार जवान शहीद हो गए थे जबकि दो गंभीर रूप से घायल हुए थे।

अन्य खबरें