Saturday, October 24, 2026
spot_img
Homeटॉप न्यूजऑस्ट्रिया स्कूल फायरिंग में 11 बच्चों की मौत: संदिग्ध छात्र ने खुद...

ऑस्ट्रिया स्कूल फायरिंग में 11 बच्चों की मौत: संदिग्ध छात्र ने खुद को मारी गोली, ग्राज में छाया मातम

ऑस्ट्रिया के दूसरे सबसे बड़े शहर ग्राज की सुबह उस वक्त दहशत में बदल गई जब एक हाई स्कूल में अंधाधुंध फायरिंग हुई। बोर्ग ड्रेयर्सचुटजेनगैस हाई स्कूल में मंगलवार सुबह करीब 10 बजे हुई इस दिल दहला देने वाली घटना में अब तक 11 छात्रों की मौत हो चुकी है, जबकि 28 अन्य घायल बताए जा रहे हैं।

सूत्रों के मुताबिक, घायलों में से कम से कम चार की हालत गंभीर है। कुछ को सिर में गोली लगने की भी पुष्टि हुई है, जिससे अस्पतालों में अलर्ट जारी कर दिया गया है।

संदिग्ध हमलावर की बॉडी मिली

मीडिया रिपोर्ट्स और पुलिस सूत्रों के अनुसार, प्राथमिक जांच में सामने आया है कि गोलीबारी करने वाला शायद उसी स्कूल का छात्र था। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने स्कूल के बाथरूम में एक युवक की लाश बरामद की है, जो हमलावर बताया जा रहा है। ऐसा माना जा रहा है कि हमलावर ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली।

इलाके में चल रहा बड़ा पुलिस ऑपरेशन

घटना के तुरंत बाद स्थानीय पुलिस ने पूरे स्कूल और उसके आसपास के इलाके को सील कर दिया है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों से दूर रहें और पुलिस के निर्देशों का पालन करें।
पुलिस प्रवक्ता सबरी योर्गुन ने जानकारी दी कि घटनास्थल पर स्पेशल फोर्स ‘कोबरा’ को तैनात कर दिया गया है। जांच अभी शुरुआती दौर में है और इस बात की पुष्टि की जा रही है कि हमले के पीछे क्या कारण था।

गृह मंत्रालय और चांसलर की प्रतिक्रिया

ऑस्ट्रिया के गृह मंत्रालय ने बयान जारी कर कहा कि मृतकों और घायलों की सटीक संख्या पर फिलहाल कुछ नहीं कहा जा सकता है। स्थिति अब भी नियंत्रण में लाने की कोशिश जारी है।
इस बीच, ऑस्ट्रियाई चांसलर क्रिश्चियन स्टॉकर ग्राज के लिए रवाना हो चुके हैं। उनके वहां पहुंचकर प्रेस कॉन्फ्रेंस करने की संभावना है, जिसमें वे पूरे घटनाक्रम पर आधिकारिक प्रतिक्रिया देंगे।

पूरे शहर में पसरा मातम, स्कूलों में हाई अलर्ट

ग्राज शहर में इस हमले के बाद माहौल बेहद तनावपूर्ण हो गया है। स्थानीय प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी है और अन्य स्कूलों में भी सतर्कता बरती जा रही है। इस दर्दनाक घटना ने ऑस्ट्रियाई समाज को झकझोर कर रख दिया है।

यूरोपीय नेताओं की प्रतिक्रिया

यूरोपीय यूनियन की विदेश नीति प्रमुख काजा कालास ने इस घटना पर शोक जताते हुए कहा, “हर बच्चे को स्कूल में सुरक्षित महसूस करने का अधिकार है। यह खबर बेहद पीड़ादायक है। मेरी संवेदनाएं पीड़ितों, उनके परिवारों और पूरे ऑस्ट्रिया के साथ हैं।”

ग्राज, जहां यह हमला हुआ, ऑस्ट्रिया का दूसरा सबसे बड़ा शहर है और देश के दक्षिण-पूर्व हिस्से में स्थित है। यहां लगभग तीन लाख लोग रहते हैं। इस हमले ने न सिर्फ ऑस्ट्रिया, बल्कि पूरे यूरोप को स्तब्ध कर दिया है।

अन्य खबरें