गुजरात के बनासकांठा जिले में शुक्रवार देर रात हल्के भूकंप के झटके महसूस किए गए। इंस्टीट्यूट ऑफ सिस्मोलॉजिकल रिसर्च (ISR) के अनुसार, इस भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 3.4 मापी गई। झटका सुबह 3:35 बजे वाव क्षेत्र के पास आया, जिसका केंद्र जमीन से लगभग 4.9 किलोमीटर गहराई में था और यह वाव से करीब 27 किलोमीटर पूर्वोत्तर दिशा में स्थित था।
जिला प्रशासन ने जानकारी दी कि इस भूकंप से किसी तरह के जान-माल के नुकसान की कोई खबर नहीं है। हालांकि, देर रात के समय भूकंप आने के कारण ज्यादातर लोग सो रहे थे और झटके हल्के होने के चलते अफरा-तफरी जैसी स्थिति नहीं बनी।
गुजरात भूकंप की दृष्टि से देश के संवेदनशील राज्यों में गिना जाता है। पिछले दो शताब्दियों के दौरान यहां 9 बड़े भूकंप दर्ज किए जा चुके हैं। इनमें से 2001 का भुज भूकंप अब तक का सबसे विनाशकारी माना जाता है, जिसने हजारों लोगों की जान ली थी और बड़े स्तर पर नुकसान पहुंचाया था।
बनासकांठा संवेदनशील क्षेत्रों में शामिल
राज्य के उत्तर-पश्चिमी हिस्से में स्थित बनासकांठा भी भूकंप के लिहाज से सक्रिय ज़ोन में आता है। इस क्षेत्र में समय-समय पर हल्के झटके महसूस किए जाते हैं, जो वैज्ञानिकों के लिए सतर्कता का संकेत होते हैं। भले ही यह झटका कम तीव्रता का था, लेकिन विशेषज्ञों के मुताबिक, सतर्कता और निगरानी जरूरी है।

