फरीदाबाद के लघु सचिवालय को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिली है। मंगलवार सुबह करीब 6:30 बजे डीसी कार्यालय की आधिकारिक ईमेल आईडी पर एक धमकी भरा मेल आया, जिसमें खुद को ‘मद्रास टाइगर’ बताने वाले व्यक्ति ने शाम 4 बजे धमाका करने की चेतावनी दी।
सूचना मिलते ही सुरक्षा एजेंसियां हरकत में आ गईं। फौरन बम स्क्वॉड, डॉग स्क्वॉड और पुलिस बल को सचिवालय परिसर में भेजा गया।
सक्रिय हुई पुलिस और बम स्क्वॉड, पूरे परिसर की हुई तलाशी
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए लघु सचिवालय में तलाशी अभियान शुरू किया गया। उस समय ऑफिस खुला नहीं था, जिससे कोई अव्यवस्था नहीं फैली। डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक टीम ने चप्पे-चप्पे की जांच की, लेकिन किसी भी तरह की संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली।
जांच के बाद सचिवालय परिसर को सुरक्षित घोषित किया गया और दैनिक कार्य सामान्य रूप से शुरू हुए।
डीसी ने दी जानकारी, कहा- अफवाह फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई
फरीदाबाद के डिप्टी कमिश्नर विक्रम सिंह ने बताया कि ईमेल मिलने के बाद स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तुरंत जांच शुरू की गई थी। बम की कोई पुष्टि नहीं हुई है और धमकी को अफवाह करार दिया गया है।
उन्होंने कहा कि अफवाह फैलाने वालों की पहचान कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पहले भी मिल चुकी है ऐसी धमकी, 3 अप्रैल को आई थी पहली चेतावनी
गौरतलब है कि इससे पहले भी 3 अप्रैल को इसी तरह की धमकी दी जा चुकी है। उस समय भी फरीदाबाद डीसी की मेल आईडी पर बम से उड़ाने की चेतावनी आई थी, जिसमें धार्मिक नारे का भी उल्लेख किया गया था।
तब भी जांच एजेंसियों को कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली थी, जिससे दोनों घटनाओं को जोड़कर जांच की जा रही है कि कहीं यह किसी शरारती तत्व की हरकत तो नहीं।

