मंगलवार, फ़रवरी 10, 2026
spot_img
होमटॉप न्यूजGST में बड़ा बदलाव: 12% और 28% स्लैब होंगे खत्म, रोजमर्रा की...

GST में बड़ा बदलाव: 12% और 28% स्लैब होंगे खत्म, रोजमर्रा की चीजें होंगी सस्ती

जीएसटी के ढांचे में बड़ा बदलाव होने जा रहा है। ग्रुप ऑफ मिनिस्टर्स (GoM) ने 12% और 28% के स्लैब खत्म करने की मंजूरी दे दी है। अब देश में जीएसटी के सिर्फ दो स्लैब रहेंगे, 5% और 18%। लग्जरी प्रोडक्ट्स पर टैक्स 40% की दर से वसूला जाएगा। बिहार के उपमुख्यमंत्री और GoM संयोजक सम्राट चौधरी ने बताया कि यह प्रस्ताव केंद्र सरकार की तरफ से आया था, जिसे सभी राज्यों ने अपने सुझावों के साथ समर्थन दिया है।

कौन से सामान होंगे सस्ते

12% टैक्स स्लैब में आने वाली कई चीजें अब 5% पर आ जाएंगी। इसमें सूखे मेवे, ब्रांडेड नमकीन, टूथपेस्ट, टूथ पाउडर, हेयर ऑयल, साबुन, सामान्य एंटीबायोटिक्स, पेनकिलर दवाएं, प्रोसेस्ड फूड, फ्रोजन सब्जियां, स्नैक्स, कंडेंस्ड मिल्क, कुछ मोबाइल और कंप्यूटर, सिलाई मशीन, प्रेशर कुकर और गीजर जैसी रोजमर्रा में इस्तेमाल होने वाली चीजें शामिल हैं। वहीं, बिना बिजली वाले वॉटर फिल्टर, इलेक्ट्रिक आयरन, वैक्यूम क्लीनर, रेडीमेड कपड़े, जूते, वैक्सीन, डायग्नोस्टिक किट, साइकिल, बर्तन और ज्योमेट्री बॉक्स भी अब कम दर पर मिलेंगे।

28% से 18% में आने वाले प्रोडक्ट्स

28% टैक्स स्लैब में शामिल कई प्रोडक्ट्स को भी 18% स्लैब में लाने की तैयारी है। इसमें सीमेंट, ब्यूटी प्रोडक्ट्स, चॉकलेट, रेडी मिक्स कंक्रीट, टीवी, फ्रिज, वॉशिंग मशीन, एसी, डिशवॉशर, निजी विमान, प्रोटीन और कॉफी कॉन्सेंट्रेट, प्लास्टिक प्रोडक्ट, रबर टायर, एल्युमिनियम फॉयल, प्रिंटर और रेजर जैसे सामान शामिल हैं। इन बदलावों से आम लोगों से लेकर छोटे कारोबारियों तक सभी को राहत मिलेगी।

GoM की भूमिका और अगला कदम

GoM में अलग-अलग राज्यों के वरिष्ठ मंत्री शामिल होते हैं, जो जीएसटी के जटिल मुद्दों पर चर्चा कर सिफारिशें तैयार करते हैं। इस बार भी GoM की बैठक में सभी राज्यों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। अब यह सिफारिशें जीएसटी काउंसिल की अगली बैठक में रखी जाएंगी। बैठक में राज्यों के सुझावों और आपत्तियों पर चर्चा होगी। 75% बहुमत से प्रस्ताव पास होने के बाद इसे लागू करने के लिए कानूनी और तकनीकी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

कब तक लागू हो सकता है बदलाव

जानकारों का मानना है कि जीएसटी काउंसिल की बैठक सितंबर या अक्टूबर 2025 में हो सकती है। अगर मंजूरी मिल जाती है, तो नई दरें 2026 की शुरुआत तक लागू की जा सकती हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वतंत्रता दिवस पर अपने भाषण में इसका जिक्र किया था और कहा था कि इस बार दिवाली पर लोगों को बड़ा तोहफा मिलेगा, जिससे रोजमर्रा की चीजें सस्ती हो जाएंगी।

 Nationalbreaking.com । नेशनल ब्रेकिंग - सबसे सटीक
  1. GoM ने 12% और 28% जीएसटी स्लैब हटाने की मंजूरी दी।
  2. अब सिर्फ दो स्लैब रहेंगे: 5% और 18%, लग्जरी आइटम्स पर 40% टैक्स लगेगा।
  3. टूथपेस्ट, साबुन, नमकीन, दवाएं और घरेलू सामान सस्ते होंगे।
  4. सीमेंट, टीवी, फ्रिज, वॉशिंग मशीन जैसे कई सामान 28% से 18% टैक्स पर आ जाएंगे।
  5. नई दरें 2026 की शुरुआत तक लागू हो सकती हैं, फैसला काउंसिल की अगली बैठक में होगा।
अन्य खबरें