करीब पांच महीने पहले गुरुग्राम से लापता हुई एक युवती के मामले में सनसनी खेज खुलाया किया है। युवती एक युवक के साथ लिव इन रिलेशन में रह रही थी। उसी युवक ने उसकी सिर काटकर हत्या कर दी और सिर व धड़ को अलग–अलग जगहों पर फेंक दिया। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ। पुलिस ने त्तराखंड के खटीमा में नेपाल बॉर्डर के पास एक नाले से महिला की सिरकटी लाश बरामद की है। युवती की हत्या नवंबर 2024 में ही कर दी गई थी। उसके भाई ने क्षत विक्षत शव के पास मिले दुपट्टे से उसकी पहचान की।
पुलिस के अनुसार गुरुग्राम में रहने वाली पूजा (32) नवंबर 2024 से लापता थी। 19 दिसंबर 2024 को उसकी छोटी बहन ने गुरुग्राम के सेक्टर-5 थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई। उसने बताया कि पूजा कैब ड्राइवर मुश्ताक अहमद (25) के साथ लिव-इन में रह रही थी। पूजा मूलत: उत्तराखंड के नानकमत्ता की रहने वाली थी और गुरुग्राम के एक स्पा में काम करती थी, वह 2 बच्चों की मां थी, लेकिन उसका तलाक हो गया था। जबकि मुश्ताक उत्तराखंड के सितारगंज गौरी खेड़ा का रहने वाला है। वह गुरुग्राम में रहकर टैक्सी चलाता था।
रिपोर्ट दर्ज करने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की, लेकिन पूजा का कहीं पता नहीं चला। पुलिस ने मुश्ताक की भी तलाश की, लेकिन उसके बारे में भी ज्यादा जानकारी नहीं मिल रही थी। इस बीच उसके घर का पता चला तो पुलिस ने उत्तराखंड पुलिस की मदद से उसे घर से गिरफ्तार कर पूछताछ की।
बस में जान पहचान, शादी की और फिर हत्या
पूजा और मुश्ताक की जान-पहचान गुरुग्राम आने वाली रोडवेज बस में हुई। इसके बाद दोनों फोन पर बात करने लगे। धीरे-धीरे दोनों ने साथ रहने का फैसला किया। मुश्ताक पूजा की बीमार मां को लाने- ले जाने में मदद करने लगा। सितंबर 2024 में दोनों ने शादी कर ली। इसके करीब एक महीने बाद ही मुश्ताक अपने गांव गया।
पूछताछ में मुश्ताक ने बताया कि वहां घरवालों ने उसकी दूसरी शादी करवा दी। जब पूजा को दूसरी शादी का पता चला, तो वह सितारगंज पहुंच गई और वहां हंगामा किया।
16 नवंबर को ही कर दी थी हत्या
मुश्ताक ने उसे समझाया और फिर घुमाने के बहाने 15 नवंबर 2024 को खटीमा ले गया। अगले दिन वह उसे नदन्ना नहर जिला उद्यम सिंह नगर में ले गया। मुश्ताक ने बताया कि वहां उसने काली पुलिया के पास पूजा पर धारदार हथियार से वार किया और गला रेतकर उसकी हत्या कर दी।
हत्या के बाद सिर काटकर बहाया, धड़ नाले में फेंका
हत्या के बाद आरोपी ने शव के टुकड़े किए। सिर को प्लास्टिक के थैले में डालकर पानी में बहा दिया और धड़ को नाले के पास फेंक दिया। आरोपी फिर अपने घर लौटा और बाद में पुलिस से बचने के लिए कर्नाटक चला गया। मामला दर्ज होने के बाद से ही पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। बुधवार को उसे गांव से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर खटीमा से सिरकटी लाश बरामद की। जो बुरी तरह से सड़ चुकी थी। पुलिस ने युवती के भाई को भी मौके पर बुलाया। जिसने दुपट्टा देखकर शव की पहचान की।
छोटी बहन के कहने पर आई गुरुग्राम
पूजा की शादी हो चुकी थी। उसके दो बच्चे भी हैं। पहले पति से तलाक के बाद वह अकेली थी। जिस पर उसकी छोटी बहन ने उसे गुरुग्राम बुला लिया और एक स्पा में नौकरी लगवा दी। इसी दौरान उसकी जान पहचान मुश्ताक से हो गई। मुश्ताक ने उससे शादी भी की, लेकिन फिर उसी ने उसकी गला काटकर हत्या कर दी।

