मंगलवार, फ़रवरी 10, 2026
spot_img
होमटॉप न्यूजकर्नाटक में विदेशी महिला से गैंगरेप, तीन दोस्तों को नहर में फेंका,...

कर्नाटक में विदेशी महिला से गैंगरेप, तीन दोस्तों को नहर में फेंका, एक का शव मिला

नेशनल ब्रेकिंग: कर्नाटक के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल हम्पी से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। कुछ अज्ञात लोगों ने एक विदेशी महिला पर्यटक समेत दो महिलाओं के साथ दुष्कर्म किया और उनके साथ मौजूद तीन पुरुषों के साथ मारपीट कर उन्हें पानी में फेंक दिया। इस घटना में ओडिशा के एक युवक का शव शनिवार सुबह बरामद हुआ।

गुरुवार रात को हुई वारदात

पुलिस के अनुसार, यह घटना गुरुवार रात 11:00 से 11:30 बजे के बीच सनापुर झील के पास हुई। आरोपियों ने 27 वर्षीय इजरायली महिला पर्यटक और 29 वर्षीय होमस्टे संचालिका के साथ दुष्कर्म किया।

झील में मिला ओडिशा के युवक का शव

घटना के वक्त पीड़ित महिलाओं के साथ मौजूद ओडिशा का एक पर्यटक लापता हो गया था। हमलावरों ने उसे तुंगभद्रा नहर में फेंक दिया था। शनिवार सुबह उसका शव झील में मिला। अमेरिका और महाराष्ट्र के दो अन्य पर्यटक मारपीट में घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस ने शुरू की जांच

इस जघन्य अपराध की जांच के लिए विशेष पुलिस टीम गठित की गई है। गंगावती रूरल पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है। मृतक का शव मिलने के बाद, अब हत्या की धाराएं भी जोड़ी जाएंगी।

हमलावरों ने पेट्रोल पंप के बारे में पूछा

एफआईआर के अनुसार, चार पर्यटक और एक होमस्टे संचालिका सनापुर झील के पास एन्जॉय कर रहे थे। तभी तीन लोग मोटरसाइकिल पर वहां पहुंचे और पेट्रोल पंप के बारे में पूछने लगे। जब होमस्टे संचालिका ने बताया कि पास में कोई पेट्रोल पंप नहीं है, तो वे पैसे मांगने लगे।

विरोध करने पर किया हमला

जब पर्यटकों ने उन्हें पैसे देने से इनकार कर दिया, तो आरोपी, जो कन्नड़ और तेलुगू भाषा बोल रहे थे, गाली-गलौच और मारपीट करने लगे। इसके बाद उन्होंने तीनों पुरुष पर्यटकों को जबरदस्ती नहर में धकेल दिया।

आरोपियों की तलाश जारी

पीड़िता के अनुसार, जब उसके दोस्त नहर से बाहर निकलने की कोशिश कर रहे थे, तब तीन में से दो हमलावरों ने उसके और इजरायली महिला के साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद से पुलिस की विशेष टीम आरोपियों की तलाश में जुटी है। डॉग स्क्वायड और दमकल विभाग के अधिकारी लापता पर्यटक की तलाश कर रहे थे, जिसका शव शनिवार सुबह बरामद हुआ। पुलिस अब आरोपियों की पहचान करने और उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की कोशिश कर रही है।

अन्य खबरें