Friday, October 23, 2026
spot_img
Homeराजस्थानहनुमानगढ़ में दो ट्रोलों में टक्कर के बाद लगी आग, तीन जने...

हनुमानगढ़ में दो ट्रोलों में टक्कर के बाद लगी आग, तीन जने जिंदा जले

राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले में शनिवार शाम एक भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की जिंदा जलने से मौत हो गई। रावतसर थाना क्षेत्र के धन्नासर कैंची के पास मेगा हाईवे पर दो ट्रॉलों के आमने-सामने की टक्कर के बाद दोनों वाहनों में भयंकर आग लग गई। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस और दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद एक जोरदार धमाका हुआ, जिससे दोनों ट्रालों ने आग पकड़ ली। एक ट्रॉला ईंटों से लदा हुआ था, जबकि दूसरे में बजरी भरी थी। आग इतनी तेजी से फैली कि दोनों ट्राले पूरी तरह जलकर खाक हो गए।

दमकल और जेसीबी की मदद से पाया आग पर काबू

दमकल गाड़ियों, पानी के टैंकरों और जेसीबी मशीनों की मदद से कई घंटों की मशक्कत के बाद आग बुझाई जा सकी। इस दौरान दो शवों को तुरंत बाहर निकाला गया, जबकि एक तीसरा शव आग बुझने के बाद बरामद किया गया। मृतकों की पहचान नागौर निवासी रूपसिंह, ओमप्रकाश और चुरू जिले के भानीपुरा निवासी कृष्ण के रूप में हुई है।

हादसे के बाद लंबा जाम, यातायात बाधित

दुर्घटना के कारण मेगा हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। यातायात पूरी तरह से बाधित हो गया था। आग पर काबू पाने के बाद पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त ट्रालों को हटवाया और यातायात को बहाल किया।

मामला दर्ज कर कारणों की जांच शुरू

रावतसर थानाधिकारी रामचंद्र कसवां ने जानकारी दी कि हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में दोनों ट्रालों की तेज रफ्तार और लोडिंग से जुड़ी लापरवाही की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।

अन्य खबरें