हरियाणा के चरखी दादरी जिले के काकड़ौली हुक्मी गांव के 25 वर्षीय वायुसेना जवान नवीन श्योराण, लेह-लद्दाख में अपनी ड्यूटी के दौरान शहीद हो गए। वे यहां एक नदी में डूब गए थे। इलाज के लिए उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मंगलवार देर शाम उनकी पार्थिव देह गांव पहुंची। जहां सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। उन्हें उनके भाई ने मुखाग्नि दी। इस दौरान मौजूद हजारों लोगों ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी।
नवीन चार साल पहले भारतीय वायुसेना में भर्ती हुए थे और हाल ही में 15 दिन की छुट्टी के बाद ड्यूटी पर लौटे थे। परिवार में उनकी शादी की बात चल रही थी, लेकिन उससे पहले ही यह हादसा हो गया।
जयकारों से गूंज उठा गांव
शहीद बेटे की पार्थिव देह लेने के लिए उनके पिता सतीश 28 अप्रैल को लेह रवाना हुए थे। 29 अप्रेल को देर शाम उनकी पार्थिव देह गांव पहुंची। तब तक उनकी मां को यह नहीं बताया गया था कि बेटा शहीद हो गया है, लेकिन जैसे ही उन्हें यह खबर मिली वे बेसुध हो गई। शहीद के अंतिम दर्शन करने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण जुटे थे। हजारों लोगों ने शहीद नवीन श्योराण अमर रहे के जयकारे लगाए। इसके बाद नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी गई।
नवीन का सपना था देशसेवा
नवीन का बचपन से ही सपना था कि वह भारतीय सेना में सेवा करें। उनके दादा धर्म सिंह भी भारतीय सेना से रिटायर हो चुके थे। नवीन की कड़ी मेहनत और लगन ने उन्हें 2019 में भारतीय वायुसेना में भर्ती करवा दिया था। उनकी तैनाती लेह-लद्दाख के दुर्गम क्षेत्रों में थी, जहां वह वीरता से अपनी ड्यूटी निभा रहे थे।
शादी की तैयारी अधूरी रह गई
नवीन की शादी की तैयारियां जोरों पर थीं, लेकिन इस हादसे ने परिवार के सभी सपनों को चकनाचूर कर दिया। परिवार में लड़की की तलाश चल रही थी और रिश्ते देखे जा चुके थे, हालांकि अभी तक कोई रिश्ता पक्का नहीं हुआ था। परिवार नवंबर या दिसंबर तक उनकी शादी की तैयारी कर रहा था, लेकिन अब यह सपना अधूरा रह गया। इसके अलावा, उनकी अगले महीने दिल्ली में पोस्टिंग होनी थी, जिससे परिवार में खुशी का माहौल था, लेकिन यह दुखद घटना सब कुछ बदल गई।
सीएम नायबसिंह ने जताया शोक
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शहीद नवीन श्योराण को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए लिखा कि “लेह-लद्दाख में वीरगति को प्राप्त हुए हरियाणा के लाल नवीन श्योराण जी को अश्रुपूरित नमन।” इसके अलावा, रोहतक कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने भी शहीद जवान को श्रद्धांजलि दी और उनके परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की।