Sunday, October 25, 2026
spot_img
Homeटॉप न्यूजहरियाणा में पिता ने की दो बच्चों की हत्या, खुदकुशी की कोशिश...

हरियाणा में पिता ने की दो बच्चों की हत्या, खुदकुशी की कोशिश की, एक महीने पहले पत्नी की भी हो चुकी मौत

हरियाणा के भिवानी जिले में एक बेहद सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां एक पिता ने अपने दो बच्चों को नींद की गोलियां देकर गला घोंटकर मार डाला और फिर खुद भी आत्महत्या की कोशिश की। ये दर्दनाक घटना उस वक्त सामने आई जब आरोपी की पत्नी की मौत को अभी एक महीना भी नहीं बीता था। मरने वाले दोनों बच्चे 12वीं क्लास के छात्र थे। आरोपी फिलहाल पीजीआई रोहतक में भर्ती है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

महीने भर से बना रहा था प्लान, फिर कर डाला कत्ल

धनाना गांव का रहने वाला सुभाष, जो पहले ही अपनी पत्नी की मौत से टूट चुका था, पिछले एक महीने से सुसाइड का प्लान बना रहा था। लेकिन फिर उसने सोचा कि उसके मरने के बाद बच्चों का क्या होगा? इसलिए उसने बच्चों को भी मारने का प्लान बनाया। पहले नींद की गोलियां दीं, फिर जब वो बेहोश हो गए तो गला घोंट दिया।

मां-बाप से परेशान था सुभाष, लगाया बड़ा आरोप

अस्पताल में भर्ती सुभाष ने आरोप लगाया कि उसके मां-बाप और मामा ने उसकी पत्नी को मारा और अब उसकी बहन को मायके बैठाने पर अड़े थे। उसने कहा कि बार-बार कहने के बावजूद मां-बाप ने बहन की ससुराल में सुलह नहीं करवाई, जिससे उसका घर उजड़ गया। इसी वजह से उसने यह बड़ा कदम उठाया।

पत्नी की मौत का भी ससुराल पक्ष पर शक

सुभाष ने बताया कि 8 मई को उसकी पत्नी की मौत हुई थी। उसने आरोप लगाया कि उसके मां-बाप और मामा ने स्प्रे पिलाकर सरोज को मारा। पुलिस में शिकायत भी की गई थी, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। उसने बताया कि जब पत्नी को अस्पताल ले जाया गया तो उसे लगा कि मजाक हो रहा है, पर बाद में पता चला कि वो सचमुच मर चुकी है।

वीडियो बनाकर देने लगा सफाई, पड़ोसी भाभी को हुआ शक

बच्चों की हत्या और खुद जहर निगलने के बाद सुभाष ने एक वीडियो भी बनाना शुरू कर दिया था। वहीं, उसके पड़ोस में रहने वाली भाभी को कुछ शक हुआ और उसने घर में झांककर देखा। दरवाजा बंद देख उसने रिश्तेदार को फोन किया और घर का दरवाजा खुलवाया। सुभाष को रोहतक PGI ले जाया गया।

पुलिस ने शुरू की जांच, दादी ने दी लिखित शिकायत

सदर थाना SHO नरेंद्र कुमार ने बताया कि बच्चों की हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पाया कि आरोपी पिता ने भी जहरीला पदार्थ निगला है। बच्चों की दादी ने पिता के खिलाफ हत्या की शिकायत दी है। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

 Nationalbreaking.com । नेशनल ब्रेकिंग - सबसे सटीक
  1. हरियाणा के भिवानी जिले में एक पिता ने अपने बेटे और बेटी की गला घोंटकर हत्या कर दी।
  2. आरोपी सुभाष ने बच्चों को आम के शेक में नींद की गोलियां मिलाकर दीं और फिर खुद भी जहर खा लिया।
  3. उसकी पत्नी की एक महीने पहले संदिग्ध हालत में मौत हुई थी, सुभाष ने अपने माता-पिता और मामा पर हत्या का आरोप लगाया है।
  4. आरोपी का कहना है कि माता-पिता मानसिक रूप से परेशान करते थे और बहन को मायके बैठाने की जिद कर रहे थे।
  5. पुलिस ने बच्चों की दादी की शिकायत पर जांच शुरू कर दी है, आरोपी रोहतक PGI में भर्ती है।
अन्य खबरें