हरियाणा के मुख्यमंत्री नायबसिंह ने कहा कि हर घर नल‑से‑जल पहुंचाना हमारी प्रतिबद्धता है। जिसके लिए सरकार लगातार काम कर रही है। वे रविवार सवेरे सोनीपत की नई अनाज मंडी में आयोजित गोरखनाथ प्रकट दिवस समारोह को संबोधित कर रहे थे।
इस मौके सीएम ने कहा कि गुरु गोरखनाथ ने जो समानता और लोकसेवा का मार्ग दिखाया है, वही हमारी शासन‑नीति का मूल है।” उन्होंने समाजसेवियों को आगे आकर जल‑संरक्षण अभियान में साथ देने को भी प्रेरित किया।
इससे पूर्व मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के पहुंचने पर समाज प्रतिनिधियों ने उन्हें पारंपरिक त्रिशूल, पगड़ी और गुरु गोरखनाथ की प्रतिमा भेंट कर सम्मानित किया। मंच पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बडोली, मेयर राजीव जैन, विधायक निखिल मदान और पवन खरखोदा भी मौजूद रहे।
₹104 करोड़ की चार पेयजल योजनाओं का ऐलान
मुख्यमंत्री ने जनस्वास्थ्य विभाग की चार बड़ी परियोजनाएं जनता को समर्पित कीं। खरखौदा में ₹26.46 करोड़, गोहाना में ₹15.86 करोड़, गन्नौर में ₹42.50 करोड़ की नवीन पेयजल योजनाएं तथा मुंडलाना‑शामड़ी गांवों के लिए जेएलएन नहर से ₹19.22 करोड़ के कार्य पूरे होने की घोषणा की। इन योजनाओं से रोहतक‑सोनीपत बेल्ट में सुरक्षित पेयजल आपूर्ति और ग्रामीण स्वास्थ्य सुधार को मजबूती मिलेगी।
बड़ी संख्या में पहुंचे लोग
जिला प्रशासन ने सुरक्षा, पेयजल, पार्किंग तथा कूलिंग की व्यापक व्यवस्था की। सौ से अधिक बसों से ग्रामीणों को समारोह‑स्थल तक लाया गया। मंच से CM सैनी ने गुरु गोरखनाथ के समरसता, सेवा एवं समर्पण के संदेश को दोहराया और युवाओं से प्रेरणा लेने का आग्रह किया।