हरियाणा में बिजली बिलों पर बोझ से जूझ रहे उपभोक्ताओं के लिए राहत की खबर है। राज्य सरकार ने 12 मई 2025 से सरचार्ज माफी योजना को लागू कर दिया है। यह योजना 31 अगस्त 2024 तक के बिजली बिल डिफॉल्टरों के लिए वैध है, और इसमें शहरी-ग्रामीण दोनों क्षेत्रों के घरेलू, कृषि, सरकारी, औद्योगिक सहित सभी श्रेणियों के कनेक्टेड और डिस्कनेक्टेड उपभोक्ताओं को शामिल किया गया है।
घरेलू उपभोक्ताओं को मिलेगी किस्तों में राहत
जो घरेलू उपभोक्ता योजना का हिस्सा बनते हैं, उन्हें मूल राशि का भुगतान एकमुश्त या 8 मासिक / 4 द्विमासिक किस्तों में करने का विकल्प मिलेगा। सरचार्ज की राशि तब किश्तों में माफ की जाएगी, जब उपभोक्ता नियमित रूप से चालू बिलों का भुगतान करेंगे।
कृषि उपभोक्ताओं के लिए अलग व्यवस्था
कृषि वर्ग के उपभोक्ता अपने बकाया बिल का भुगतान एकमुश्त या 3 बिलिंग चक्रों (प्रत्येक चक्र 4 महीने का) में कर सकते हैं। सरचार्ज की राशि 3 बिलों के समय पर भुगतान के साथ स्वतः माफ हो जाएगी।
सरकारी और सार्वजनिक संस्थानों के लिए एकमुश्त राहत
नगरपालिका, ग्राम पंचायत, राज्य सरकार व अन्य पब्लिक यूटिलिटी कनेक्शन वाले उपभोक्ता यदि मूल राशि का एकमुश्त भुगतान करते हैं, तो उनका पूरा सरचार्ज माफ कर दिया जाएगा।
उद्योगों को 50% सरचार्ज माफी का विकल्प
औद्योगिक और अन्य श्रेणियों को, यदि वे मूल राशि और 50% अधिभार का एकमुश्त भुगतान करते हैं, तो शेष 50% सरचार्ज माफ किया जाएगा। हालांकि, अगर कोई उपभोक्ता 6 चालू बिलों का भुगतान नहीं करता, तो उसे दी गई राहत वापस ले ली जाएगी।
बिलिंग विवादों में केस वापस लेकर मिल सकता है लाभ
जिन उपभोक्ताओं के मामले न्यायिक फोरम में लंबित हैं, वे केस वापिस लेकर योजना का लाभ ले सकते हैं। निगम द्वारा बिल में सुधार के बाद वे इस योजना के लिए पात्र माने जाएंगे।
कटा हुआ कनेक्शन भी जोड़ा जाएगा वापस
जिन उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटे जा चुके हैं, वे यदि एकमुश्त भुगतान या पहली किस्त के भुगतान के बाद दोबारा कनेक्शन चाहते हैं, तो री-कनेक्शन शुल्क के साथ उन्हें सेवा दोबारा प्रदान की जाएगी। शर्त यह है कि कनेक्शन 6 माह (गैर-कृषि वर्ग) या 2 वर्ष (कृषि वर्ग) से ज्यादा पुराना न हो।
अपील का विकल्प भी खुला
मुख्य अभियंता वाणिज्यिक अनिल शर्मा द्वारा सभी संबंधित विभागों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं। योजना के लाभार्थियों की जानकारी के लिए एसडीओ कार्यालय अलग से रजिस्टर मेंटेन करेंगे। अगर कोई उपभोक्ता योजना से जुड़े आदेश से असंतुष्ट है, तो वह कार्यकारी अभियंता के समक्ष अपील कर सकता है, जिसे तीन कार्य दिवसों में सुलझाया जाएगा।
11 नवंबर 2025 अंतिम तारीख
यह सरचार्ज माफी योजना 11 नवंबर 2025 तक के लिए लागू रहेगी। ऐसे में सभी डिफॉल्टर उपभोक्ताओं के लिए यह एक बेहतरीन मौका है कि वे जल्द से जल्द अपने बकाया का निपटारा कर योजना का लाभ उठाएं।

