गुरूवार, जून 4, 2026
spot_img
होमटॉप न्यूजहरियाणा में AK47 और पिस्टल लेकर भागे बदमाश: BJP झंडी लगी गाड़ी...

हरियाणा में AK47 और पिस्टल लेकर भागे बदमाश: BJP झंडी लगी गाड़ी में आए, खेतों में छिपे, फायरिंग के बीच 4 दबोचे, 2 की तलाश जारी

गुरुवार शाम को यमुनानगर के हरनोल गांव के पास पुलिस को इनपुट मिला था कि एक संदिग्ध SUV इलाके में घूम रही है। गाड़ी में उत्तराखंड नंबर प्लेट लगी थी और उस पर बीजेपी का झंडा भी लहरा रहा था। जब गाड़ी पुलिस नाके की ओर बढ़ी तो ड्राइवर ने उसे अचानक मोड़ लिया और टोपरा खुर्द गांव की ओर भाग गया। शक गहराया तो पुलिस ने पीछा शुरू कर दिया।

पुलिस की टीम AK47 और पिस्टल लेकर खेतों में कूदी

भागते-भागते बदमाशों ने गाड़ी एक जगह रोकी और उतरकर पास के गन्ने के खेत में घुस गए। खेतों में पानी भरा था, लेकिन पुलिस भी पीछे नहीं हटी। जवानों ने पैंट और जूते उतारे, हथियार संभाले और खेतों में घुस गए। तभी दोनों ओर से फायरिंग शुरू हो गई। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने चार बदमाशों को मौके पर ही दबोच लिया।

SUV से हथियार मिले, गाड़ी जब्त, जांच जारी

जिस SUV में बदमाश आए थे, वह इंडेवर थी। पुलिस ने गाड़ी जब्त कर ली है और उसमें से कई हथियार भी बरामद किए हैं। अभी इस बात की जांच चल रही है कि गाड़ी किसके नाम पर है और बदमाशों के पास मौजूद हथियार कहां से आए।

ड्रोन से चल रही है तलाश, दो अब भी फरार

चार बदमाश तो पकड़े गए, लेकिन दो अब भी फरार हैं। पुलिस को शक है कि वो गन्ने के खेत में ही कहीं छिपे हो सकते हैं। इसी वजह से पुलिस ने सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है। ड्रोन से खेतों की निगरानी हो रही है और आसपास के गांवों में तलाशी ली जा रही है।

फिलहाल बदमाशों की पहचान नहीं, गिरफ्त में आए चार से पूछताछ

हिरासत में लिए गए चार बदमाशों से पूछताछ जारी है, लेकिन अभी तक पुलिस ने उनकी पहचान को लेकर कोई जानकारी नहीं दी है। जांच इस बात पर भी हो रही है कि क्या ये किसी बड़े आपराधिक गैंग से जुड़े हुए हैं और BJP के झंडे का इस्तेमाल सिर्फ बचने के लिए किया गया था या कोई राजनीतिक लिंक भी है।

 Nationalbreaking.com । नेशनल ब्रेकिंग - सबसे सटीक
  1. हरियाणा के यमुनानगर में बदमाशों और पुलिस के बीच गुरुवार को फायरिंग हुई।
  2. बदमाश BJP झंडा लगी इंडेवर SUV में आए थे और पुलिस नाका देख भाग निकले।
  3. गन्ने के खेत में छिपे बदमाशों ने पुलिस पर की फायरिंग, जवाब में पुलिस भी खेत में उतरी।
  4. पुलिस ने 4 बदमाशों को हिरासत में लिया, SUV से हथियार भी बरामद किए गए।
  5. दो बदमाश अभी फरार हैं, जिनकी तलाश ड्रोन से की जा रही है।
अन्य खबरें