हरियाणा के हिसार जिले में सोमवार को एक दिल दहला देने वाले सड़क हादसे ने चार जिंदगियां लील लीं। बरवाला बाईपास पर हुए इस टक्कर में एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौके पर मौत हो गई। मृतकों में 40 वर्षीय संदीप उर्फ मीकू, उनके ताऊ महावीर सिंह, ताई रोशनी देवी और गांव का युवक सुनील कुमार शामिल हैं।
इलाज से लौटते वक्त टूटा कहर
गांव सूरजखेड़ा निवासी महावीर सिंह को स्वास्थ्य समस्या के चलते आधार अस्पताल, हिसार ले जाया गया था। उनके साथ भतीजा संदीप, पत्नी रोशनी और गांव का युवक सुनील भी गए थे। दोपहर बाद चारों कार से वापस लौट रहे थे, तभी बरवाला बाईपास पर उनकी कार का एक टायर फट गया।
टायर फटते ही भिड़ी ट्रक से कार
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टायर फटते ही कार अनियंत्रित होकर दूसरी लेन में जा घुसी और सामने से आ रहे ट्रक से सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। चारों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
शव निकालने में लगाई गई क्रेन
हादसे की सूचना मिलते ही बरवाला थाना पुलिस मौके पर पहुंची। क्षतिग्रस्त कार में फंसे शवों को बाहर निकालने के लिए क्रेन की मदद ली गई। इसके बाद सभी शवों को बरवाला के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया।
गांव में पसरा मातम, हर आंख नम
जैसे ही हादसे की खबर गांव सूरजखेड़ा और आसपास के इलाकों में पहुंची, माहौल गमगीन हो गया। पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। घर-घर में मातम पसरा है और हर कोई स्तब्ध है।
मीकू थे पूरे परिवार का सहारा
मृतक संदीप उर्फ मीकू हरियाणा रोडवेज में कंडक्टर के पद पर तैनात थे। पिता के निधन के बाद वे अपने ताऊ-ताई की सेवा कर रहे थे। गांव में उन्हें बेहद जिम्मेदार और आत्मीय व्यक्ति के रूप में जाना जाता था।
बरवाला पुलिस ने केस दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में टायर फटना दुर्घटना का मुख्य कारण माना जा रहा है। पोस्टमार्टम के बाद शवों को परिजनों को सौंप दिया गया है।

