रविवार, मई 3, 2026
spot_img
होमराज्यकैथल में पकड़ा गया पाकिस्तानी जासूस, करतारपुर यात्रा के दौरान हनीट्रैप में...

कैथल में पकड़ा गया पाकिस्तानी जासूस, करतारपुर यात्रा के दौरान हनीट्रैप में फंसा हरियाणा का युवक

हरियाणा के कैथल जिले से राष्ट्रीय सुरक्षा को हिला देने वाला मामला सामने आया है, जहां 25 वर्षीय देवेंद्र सिंह ढिल्लों को पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी के लिए जासूसी करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। गुहला थाना क्षेत्र के मस्तगढ़ गांव का यह युवक सैन्य ठिकानों और संवेदनशील स्थानों की तस्वीरें व वीडियो पाकिस्तान को भेज रहा था।

यह मामला तब सामने आया जब एक सुरक्षा एजेंट ने देवेंद्र द्वारा फेसबुक पर हथियारों के साथ पोस्ट की गई तस्वीरों को लेकर 11 मई को पुलिस में शिकायत की। पुलिस ने 13 मई को उसे हिरासत में लिया और पूछताछ के दौरान उसके मोबाइल से पाकिस्तान को भेजे गए संवेदनशील डेटा के सबूत मिले।

करतारपुर कॉरिडोर यात्रा के दौरान संपर्क में आया पाक एजेंट

जांच में पता चला कि देवेंद्र पटियाला में एमए (राजनीति विज्ञान) का छात्र है और उसके पिता किसान हैं। नवंबर 2024 में वह करतारपुर कॉरिडोर के जरिए पाकिस्तान स्थित ननकाना साहिब की यात्रा पर गया था। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति ने उसे पाकिस्तानी नंबर दिया और बाद में एक लड़की के माध्यम से उसे हनीट्रैप में फंसा लिया गया।

इस जाल में फंसने के बाद देवेंद्र ने भारत लौटने के बावजूद संपर्क बनाए रखा और सोशल मीडिया जैसे माध्यमों से पाकिस्तान को जानकारियाँ देता रहा।

मोबाइल और बैंक खातों की जांच शुरू, फॉरेंसिक रिपोर्ट का इंतज़ार

कैथल की एसपी आस्था मोदी ने बताया कि पूछताछ में खुलासा हुआ कि देवेंद्र पाक एजेंसी के इशारे पर लंबे समय से देशविरोधी गतिविधियों में संलग्न था। उसका मोबाइल जब्त कर फॉरेंसिक लैब भेजा गया है। साथ ही बैंक खातों की जांच भी शुरू की गई है ताकि यह पता चल सके कि उसने इन सूचनाओं के बदले में पैसे प्राप्त किए या नहीं।

हरियाणा में दूसरा बड़ा जासूसी मामला, एसआईटी गठित

कैथल से पहले पानीपत में भी एक युवक को जासूसी के आरोप में गिरफ्तार किया जा चुका है। तीन दिनों में दो गिरफ्तारी के बाद हरियाणा की सुरक्षा एजेंसियों ने सतर्कता बढ़ा दी है। पुलिस ने एक विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया है जो देवेंद्र से जुड़े अन्य संभावित नेटवर्क की पड़ताल कर रही है।

अन्य खबरें