गुरूवार, जून 4, 2026
spot_img
होमराज्यहरियाणा में आज फिर बारिश का अलर्ट, 10 जिलों में भारी बारिश...

हरियाणा में आज फिर बारिश का अलर्ट, 10 जिलों में भारी बारिश की संभावना

हरियाणा में शुक्रवार, 18 जुलाई को भी मौसम का मिज़ाज बिगड़ा रहेगा। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के चंडीगढ़ केंद्र ने राज्य के 10 जिलों में तेज बारिश का अलर्ट जारी किया है। सिरसा, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, मेवात, फरीदाबाद और पलवल में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इन जिलों में बादलों की आवाजाही के बीच गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।

कई जिलों में हल्की फुहारें संभव

इसके अलावा, फतेहाबाद, जींद, रोहतक, झज्जर, अंबाला, यमुनानगर और पंचकूला के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश की संभावना है। वहीं, कैथल, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत और सोनीपत में बूंदाबांदी देखने को मिल सकती है। पूरे राज्य में बादल छाए रहने के आसार हैं।

गुरुवार को भी बारिश से हड़कंप

गुरुवार को भिवानी, महेंद्रगढ़, जींद, चरखी दादरी और नूंह में तेज बारिश हुई थी। यमुनानगर में हल्की फुहारें पड़ीं। महेंद्रगढ़ जिले के अटेली कस्बे में सिविल अस्पताल के बाहर जलभराव हो गया।

बारिश से 24 लोगों की मौत

गुरुग्राम के उपायुक्त अजय कुमार ने 9 जुलाई की बारिश से हुई चार मौतों को लेकर संबंधित एसडीएम से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। अधिकारियों के अनुसार, अब तक राज्य में कुल 24 लोगों की जान मानसूनी आपदाओं में जा चुकी है। डीसी ने रिपोर्ट के आधार पर जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की सिफारिश करने की बात कही है।

18 जुलाई मानसून सक्रियता का आखिरी दिन

चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार के कृषि मौसम विशेषज्ञों के अनुसार मानसून टर्फ की उत्तरी सीमा बीकानेर से बंगाल की खाड़ी तक बनी हुई है। बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी युक्त हवाओं और राजस्थान के ऊपर बने कम दबाव के क्षेत्र के कारण हरियाणा में 18 जुलाई तक मानसून सक्रिय रहेगा। इस दौरान कई जिलों में गरज-चमक और हवाओं के साथ बारिश हो सकती है।

बरसात में रिकॉर्ड तोड़ इज़ाफा

IMD के आंकड़ों के अनुसार, इस साल अब तक हरियाणा में औसतन 185 मिमी बारिश हो चुकी है, जो सामान्य 133.2 मिमी से करीब 39% अधिक है। यह वृद्धि न केवल मौसम का मिजाज दर्शाती है, बल्कि जल-जमाव और शहरी समस्याओं की ओर भी इशारा करती है।

अगले 3 दिन का मौसम पूर्वानुमान:

19 जुलाई:

पंचकूला, यमुनानगर, सिरसा, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़ और रेवाड़ी में बारिश की संभावना है। फतेहाबाद, जींद, रोहतक, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल, मेवात और अंबाला में हल्की बारिश हो सकती है।

20 जुलाई:

तेज बारिश पंचकूला, अंबाला और यमुनानगर में संभव है। कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत और सोनीपत में मध्यम बारिश और अन्य कई जिलों में बूंदाबांदी के आसार हैं।

21 जुलाई:

भारी बारिश का दायरा और बढ़ेगा। पंचकूला, यमुनानगर, अंबाला, कुरुक्षेत्र, करनाल और पानीपत मुख्य रूप से प्रभावित हो सकते हैं। राज्य के बाकी जिलों में मध्यम बारिश या फुहारें संभावित हैं।

अन्य खबरें