गुरूवार, जून 4, 2026
spot_img
होमदेशबलौदाबाजार में संगठनात्मक बैठक में जुटे सामाजिक प्रतिनिधि, सनातन परंपरा और अखंड...

बलौदाबाजार में संगठनात्मक बैठक में जुटे सामाजिक प्रतिनिधि, सनातन परंपरा और अखंड भारत के संकल्प को लेकर हुआ विचार-विमर्श

बलौदाबाजार। धार्मिक चेतना, वैदिक मूल्यों और राष्ट्र संकल्पना की एक साझा भूमि पर रविवार को बलौदाबाजार के एक्स्ट्रा ऑर्डिनरी क्लास वर्ल्ड स्कूल परिसर में एक खास संगोष्ठी और सांगठनिक बैठक का आयोजन हुआ। आयोजन धर्मसंघ पीठ परिषद, आदित्य वाहिनी और आनंद वाहिनी के संयुक्त तत्वावधान में सम्पन्न हुआ। इस ज़िला स्तरीय बैठक का केंद्रबिंदु रहा- हिंदू राष्ट्र की परिकल्पना को जनआंदोलन के रूप में आकार देना।

कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार, भारत माता और आद्य शंकराचार्य जी की तस्वीर पर माल्यार्पण एवं पूजन से हुई। इसके पश्चात सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ कर वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया गया। आयोजन में प्रदेश महामंत्री संदीप पांडेय ने संगठन की दृष्टि, पूज्य गुरुदेव द्वारा परिकल्पित भारत को हिंदू राष्ट्र घोषित करने के विचार को विस्तार से प्रस्तुत किया।

Hindu Rashtra Conclave Highlights - Hindu Rashtra | NationalBreaking.com
बैठक में धर्मसंघ पीठ परिषद, आदित्य वाहिनी और आनंद वाहिनी के कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।

स्थानीय नागरिकों ने जताई संकल्पबद्ध भागीदारी

बैठक में शहर के कई गणमान्य नागरिकों ने भी भाग लिया। उपस्थित जनों ने विचार रखे कि भारत को हिंदू राष्ट्र घोषित करने की दिशा में वे तन-मन-धन से संगठन के साथ जुड़ने और मिशन को आगे बढ़ाने को प्रतिबद्ध हैं। वक्ताओं ने हिंदू राष्ट्र अभियान को सामाजिक एकजुटता और सांस्कृतिक जागरूकता का माध्यम बताते हुए स्थानीय स्तर पर धर्मचर्चा, चालीसा पाठ और संगठनात्मक गतिविधियों को तेज़ करने पर जोर दिया।

सदस्यता अभियान और जनजुड़ाव की रणनीति तय

बैठक में आदित्य वाहिनी के प्रदेशाध्यक्ष टीकाराम साहू ने संगठन के विस्तार के लिए सदस्यता अभियान को गति देने का आह्वान किया। रायपुर संभाग प्रभारी शशि कुमार खुटिया ने ‘एक रुपया प्रति घर’ योजना के जरिए आर्थिक सहयोग एकत्र करने और मठ-मंदिरों को स्थानीय गतिविधियों का केंद्र बनाने की रणनीति साझा की। दुर्ग संभाग प्रभारी शत्रुघ्न सिंह साहू ने भी क्षेत्रीय सहभागिता को मजबूत करने की बात रखी।

Hindu Rashtra Conclave in Balodabazar Focuses on Organizational Growth and National Vision
कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार, भारत माता और आद्य शंकराचार्य जी की तस्वीर पर माल्यार्पण एवं पूजन से हुई।

‘एक रुपया, एक घंटा’ और साप्ताहिक चालीसा पाठ का सुझाव

संगठन की ओर से बताया गया कि ‘एक रुपया, एक घंटा’ प्रकल्प के माध्यम से प्रत्येक नागरिक को अभियान से भावनात्मक और क्रियात्मक रूप से जोड़ने का प्रयास होगा। हनुमान चालीसा पाठ को सप्ताहिक तौर पर स्थानीय समाज में प्रसारित किया जाएगा ताकि सनातन मूल्यों की निरंतरता बनी रहे।

समापन और सहयोग की अपील

बैठक का संचालन संदीप पांडेय ने किया जबकि आभार अभिषेक तिवारी ने व्यक्त किया। इस आयोजन में जिलेभर से सैकड़ों कार्यकर्ता, समाजसेवी और संगठन के सदस्य मौजूद रहे, जिनमें विनोद सावंत, केएस तिवारी, दीप बाजपेयी, विवेक तिवारी, महेश सिंह, सरोज साहू सहित अन्य प्रमुख नाम शामिल हैं।

अन्य खबरें