Monday, October 26, 2026
spot_img
Homeटॉप न्यूजपाकिस्तान पर भारत की एयर स्ट्राइक, ऑपरेशन सिंदूर के तहत 9 आतंकी...

पाकिस्तान पर भारत की एयर स्ट्राइक, ऑपरेशन सिंदूर के तहत 9 आतंकी अड्डे तबाह; पहलगाम हमले में मारे गए पर्यटकों का बदला लिया

भारत ने बुधवार रात पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत जम्मू-कश्मीर (PoJK) में आतंकवाद के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। ‘ऑपरेशन सिंदूर’ नामक इस एयर स्ट्राइक में भारतीय सेना ने 9 आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया। ये वे ठिकाने थे जहाँ से भारत में आतंकी हमलों की योजना बन रही थी।

सूत्रों के मुताबिक, यह सर्जिकल स्ट्राइक पूरी तरह आतंकियों को निशाना बनाकर की गई, पाकिस्तानी सेना के किसी ठिकाने को टारगेट नहीं किया गया। सेना ने बताया कि यह कार्रवाई सटीक खुफिया जानकारी के आधार पर की गई, और हमले में आतंकी बुनियादी ढांचे को गंभीर नुकसान हुआ है।

पाक पीएम बोले – “भारत ने युद्ध थोपा है”

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ ने भारतीय एयर स्ट्राइक के बाद तीखा बयान देते हुए ट्वीट किया-
“चालाक दुश्मन ने पाकिस्तान के पांच स्थानों पर कायरतापूर्ण हमला किया है। भारत द्वारा थोपे गए इस युद्ध के कृत्य का जवाब देना पाकिस्तान का पूरा हक है, और इसका ज़बरदस्त जवाब दिया जा रहा है। पूरी कौम पाकिस्तानी सेना के साथ खड़ी है, और पूरे देश का मनोबल और जज़्बा बुलंद है। पाकिस्तान की अवाम और सेना जानती है कि दुश्मन से कैसे निपटना है। हम कभी भी दुश्मन को उनके नापाक इरादों में सफल नहीं होने देंगे।”

पाकिस्तान ने किया सीजफायर उल्लंघन

पाकिस्तान ने जम्मू-कश्मीर के पूंछ-राजौरी सेक्टर में स्थित भिंबर गली इलाके में तोपों से फायरिंग की। भारतीय सेना ने इस उकसावे का सटीक और नियंत्रित तरीके से जवाब दिया है।

भारतीय सेना ने अपने आधिकारिक ट्वीट में जानकारी दी, “पाकिस्तान ने एक बार फिर सीजफायर एग्रीमेंट का उल्लंघन किया है और भिंबर गली, पूंछ-राजौरी इलाके में तोपों से गोलीबारी की है। भारतीय सेना इस पर सटीक और नियंत्रित तरीके से जवाब दे रही है।”

अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप की पहली प्रतिक्रिया

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पाकिस्तान में भारत की कार्रवाई पर अपनी पहली प्रतिक्रिया देते हुए कहा-
“यह दुर्भाग्यपूर्ण है। हम अभी-अभी इसके बारे में सुनकर ओवल ऑफिस में दाखिल हुए। मुझे लगता है कि लोगों को पहले से अंदाजा था कि कुछ होने वाला है, अतीत की कुछ घटनाओं के आधार पर। ये दोनों देश लंबे समय से लड़ते आ रहे हैं—कई दशकों से, बल्कि सदियों से, अगर आप गहराई से सोचें तो। मैं आशा करता हूं कि यह बहुत जल्द खत्म हो जाए।”

इस ऑपरेशन का सीधा कनेक्शन 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले से है, जिसमें 26 निर्दोष पर्यटक मारे गए थे। यह हमला अपनी क्रूरता के लिए याद किया जाएगा, क्योंकि आतंकियों ने पहले यात्रियों से धर्म पूछा, फिर गोली मारी।

पहलगाम हमला: जब पहचान के आधार पर ली गई जानें

22 अप्रैल की दोपहर, पहलगाम के बैसरन घाटी में अचानक गोलियों की आवाज गूंजने लगी। पर्यटकों से भरे उस शांत इलाके में भगदड़ मच गई। चश्मदीद असावरी जगदाले ने बताया कि पुलिस की वर्दी में कुछ लोग अंधाधुंध फायरिंग कर रहे थे।

उनके पिता संतोष जगदाले, जो महाराष्ट्र से अपने परिवार के साथ आए थे, आतंकियों का शिकार बने। असावरी ने बताया कि एक आतंकी उनके टेंट में घुस आया और पिता से धार्मिक आयत पढ़ने को कहा। जब वे नहीं पढ़ पाए, तो तीन गोलियां मारी गईं।

उनके चाचा को भी आतंकियों ने नजदीक से गोली मारी। परिवार की महिलाओं को छोड़ दिया गया, जिससे साफ संकेत मिलता है कि यह हमला सुनियोजित और विचारधारा से प्रेरित था।

14 श्रेणियों के वीजा तत्काल प्रभाव से किए गए थे रद्द

इस हमले के बाद भारत ने सिर्फ सैन्य ही नहीं, कूटनीतिक मोर्चे पर भी सख्त रुख अपनाया। 23 अप्रैल को भारत के विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने बताया कि पाकिस्तानी नागरिकों के 14 श्रेणियों के वीजा तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिए गए हैं।

SAARC देशों के वीजा धारकों को 26 अप्रैल तक भारत छोड़ने का आदेश दिया गया, जबकि अन्य कैटेगरी के नागरिकों को 27 और 29 अप्रैल तक का समय दिया गया। यह कदम साफ संदेश देता है कि भारत अब हर स्तर पर आतंक को प्रोत्साहन देने वालों के खिलाफ है।

आतंक के खिलाफ निर्णायक मोड़

7 मई अब न केवल भारत के इतिहास में एक और साहसी सैन्य कार्रवाई के रूप में दर्ज हो गया है, बल्कि यह आतंकी घटनाओं के प्रति देश के बदले हुए रवैये को भी दर्शाता है।

‘भारत का इतिहास’ ऐसे ही निर्णायक क्षणों से बना है, जहां प्रत्येक कार्रवाई ने आगे की दिशा तय की है। आज, ‘7 मई के ऐतिहासिक घटनाएं’ में यह ऑपरेशन भी दर्ज हो गया, एक ऐसा दिन जब देश ने पीड़ा का बदला साहस से दिया।

खबर की बड़ी बातें

  • 7 मई की रात, भारत ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoJK) में 9 आतंकी ठिकानों पर एयर स्ट्राइक की।
  • यह कार्रवाई 22 अप्रैल के पहलगाम आतंकी हमले के 15 दिन बाद की गई, जिसमें 26 पर्यटक मारे गए थे, जिनमें एक नेपाल का नागरिक भी शामिल था।
  • भारतीय सेना ने स्पष्ट किया कि इस हमले में सिर्फ आतंकियों के ठिकानों को निशाना बनाया गया, पाकिस्तानी सैन्य ठिकानों को नहीं छुआ गया।
  • घटना के बाद भारत ने 14 कैटेगरी के पाकिस्तानी वीजा रद्द कर दिए और विदेशी नागरिकों को देश छोड़ने के आदेश दिए।
  • यह ऑपरेशन भारत की आतंकवाद के खिलाफ नीति का स्पष्ट संकेत है और सुरक्षा नीति में आक्रामक बदलाव को दर्शाता है।
अन्य खबरें