सीजफायर के ऐलान के बाद हरियाणा में जनजीवन सामान्य होने लगा है। ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पैदा हुए तनाव के चलते बंद किए गए हिसार एयरपोर्ट को फिर से खोलने की तैयारी हो चुकी है। एलायंस एयर ने अयोध्या रूट पर फ्लाइट बुकिंग शुरू कर दी है, जिससे यात्रियों को बड़ी राहत मिली है।
हालात सामान्य होने के बावजूद रोहतक में शाम 4 से 5 बजे तक सायरन ड्रिल की जाएगी। इसके लिए शहर के अलग-अलग हिस्सों में सायरन लगाए गए हैं। वहीं, अंबाला और हिसार में शनिवार को ब्लैकआउट जारी रहा, जहां लोगों से घरों की लाइटें बंद रखने की अपील की गई थी। हालांकि कई जिलों में अब पाबंदियां हट चुकी हैं।
फरीदाबाद में जरूरी सामान की जमाखोरी पर सख्ती
फरीदाबाद के डीसी विक्रम सिंह ने खाद्य पदार्थों और जरूरी सामान के भंडारण पर रोक के आदेश जारी किए हैं। उन्होंने साफ किया कि जमाखोरी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। सभी 46 वार्डों में सायरन सिस्टम भी स्थापित किए जा रहे हैं ताकि किसी भी आपात स्थिति में अलर्ट जारी किया जा सके।
पाकिस्तान का सिरसा पर हमले का दावा, भारत ने बताया अफवाह
9-10 मई की रात सिरसा में जोरदार धमाकों और तेज रोशनी की खबरें सामने आईं। यह घटनाएं एयरफोर्स स्टेशन के पास हुईं। पाकिस्तान ने सिरसा एयरफोर्स स्टेशन पर हमले का दावा किया, जबकि भारतीय सेना ने स्पष्ट किया कि स्टेशन को कोई नुकसान नहीं हुआ है। इसके बाद इलाके में ड्रोन उड़ाने पर पूर्ण पाबंदी लगा दी गई और सख्त चेकिंग शुरू कर दी गई।
सीएम सैनी की इमरजेंसी मीटिंग, सभी विभागों को अलर्ट मोड पर लाया गया
शनिवार सुबह सीएम सैनी ने चंडीगढ़ में इमरजेंसी मीटिंग बुलाई, जिसमें मुख्य सचिव, गृह सचिव सहित सभी वरिष्ठ अधिकारी और जिलों के डीसी, एसपी जुड़े। मीटिंग में निर्देश दिया गया कि आपदा या हमले की स्थिति में तत्काल सेवा बहाल और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की जाए। सभी छुट्टी पर गए अधिकारियों को तुरंत ड्यूटी पर बुलाने को कहा गया।
आपदा प्रबंधन के लिए 1.10 करोड़ की मंजूरी, जिलों को दिए गए 5-5 लाख
हरियाणा सरकार ने 9 मई को आपदा प्रबंधन के लिए 1.10 करोड़ रुपए मंजूर किए हैं। प्रत्येक जिले के उपायुक्त को 5 लाख की राशि दी गई है, ताकि वे स्थानीय स्तर पर त्वरित और प्रभावी कार्रवाई कर सकें। गृह विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. सुमिता मिश्रा ने निर्देश दिए कि खर्च की जानकारी हर महीने 10 तारीख तक पोर्टल पर अपडेट की जाए।

