शनिवार, मई 2, 2026
spot_img
होमटॉप न्यूजयूपी, दिल्ली-NCR और छत्तीसगढ़ में बारिश व बिजली गिरने से दस की...

यूपी, दिल्ली-NCR और छत्तीसगढ़ में बारिश व बिजली गिरने से दस की मौत, सौ से ज्यादा फ्लाइट्स पर असर

उत्तर और मध्य भारत के कई हिस्सों में गुरुवार रात अचानक मौसम ने रुख बदला और तेज हवाओं, बारिश व बिजली गिरने से दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ में 10 लोगों की मौत हो गई। दिल्ली और उत्तर प्रदेश से चार-चार लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि छत्तीसगढ़ में दो लोग जान गंवा बैठे। इस आपदा में कई घरों और पेड़ों को नुकसान पहुंचा है।

राजधानी दिल्ली में रात भर चली धूल भरी आंधी और बारिश के कारण निचले इलाकों में जलभराव हो गया। सड़कों पर जाम की स्थिति बन गई और आम लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से उड़ान भरने वाली 100 से ज्यादा फ्लाइट्स पर असर पड़ा है। इनमें कई उड़ानों को डिले और तीन को डायवर्ट करना पड़ा।

मौसम विभाग ने दी चेतावनी

भारतीय मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटे के लिए भी अंधड़ और तेज बारिश की चेतावनी जारी की है। दिल्ली, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और मध्य भारत के कई राज्यों में तेज हवाएं 40-50 किमी/घंटा की रफ्तार से चलने की संभावना है।

यात्रियों को फ्लाइट स्टेटस चेक करने की सलाह

दिल्ली एयरपोर्ट प्रशासन ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि वे यात्रा से पहले अपनी फ्लाइट स्टेटस की जानकारी एयरलाइंस या वेबसाइट से प्राप्त करें। एयरपोर्ट पर भी अतिरिक्त स्टाफ तैनात किया गया है ताकि यात्रियों को सहायता मिल सके।

राजस्थान के 30 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने शुक्रवार को राजस्थान के 30 जिलों के लिए आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है। इससे पहले गुरुवार को जयपुर, जैसलमेर, पाली और भीलवाड़ा में आंधी-बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई। जयपुर में दिनभर की तेज धूप और गर्मी के बाद शाम को विद्याधर नगर और हरमाड़ा में ओले गिरे। जोधपुर और चित्तौड़गढ़ में बादल छाए रहे।

दो मई काे प्रमुख शहरों के तापमान का अनुमान

शहर न्यूनतम (°C) अधिकतम (°C)
अहमदाबाद2644
भोपाल2741
लखनऊ2540
दिल्ली2639
रायपुर2538
पटना2538
चंडीगढ़2438
जयपुर2637
चेन्नई2737
रांची2436
कोलकाता2536
मुंबई2834
शिमला1526

उत्तर प्रदेश और मध्यप्रदेश में भी मौसम ने ली करवट

उत्तर प्रदेश के सहारनपुर, मथुरा, गाजियाबाद, आगरा और बुलंदशहर समेत 10 से ज्यादा जिलों में तेज बारिश और आंधी का असर रहा। नोएडा में तूफानी बारिश के कारण गमले, होर्डिंग्स और टीन शेड उड़ते नजर आए।

वहीं मध्यप्रदेश में पिछले छह दिनों से मौसम अस्थिर बना हुआ है। गुरुवार को डिंडौरी में तेज बारिश हुई और शुक्रवार को छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, बालाघाट और पांढुर्णा में ओले गिरने की आशंका है। प्रदेश में 5 मई तक बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है।

पश्चिम बंगाल के संदकफू में भी ताजा बर्फबारी हुई है। उधर, जम्मू के सांबा जिले में 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी के साथ बारिश ने गर्मी से राहत दिलाई।

अगले तीन दिन का मौसम अपडेट: कहां होगी बारिश, कहां चलेगी धूल भरी आंधी

  • 3 मई: राजस्थान में धूल भरी आंधी, मध्यप्रदेश, हिमाचल, छत्तीसगढ़, सिक्किम, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में ओलावृष्टि का अलर्ट। यूपी, दिल्ली, पंजाब, बिहार और गुजरात में गर्मी का यलो अलर्ट।
  • 4 मई: राजस्थान में फिर धूल भरी आंधी, मध्यप्रदेश में ओले गिरने की संभावना। तमिलनाडु, कर्नाटक, अरुणाचल प्रदेश, मणिपुर और त्रिपुरा में बारिश का अलर्ट। मध्यप्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में गर्मी का ऑरेंज अलर्ट।
  • 5 मई: महाराष्ट्र, कर्नाटक, उत्तर-पूर्वी राज्यों और बंगाल में बारिश का अनुमान। राजस्थान में आंधी और अन्य उत्तर भारतीय राज्यों में गर्मी का यलो अलर्ट।

देश के आधे हिस्से में बदला मौसम का मिजाज

मौसम विभाग के मुताबिक, चक्रवाती हवाओं का दबाव (Cyclonic Circulation) इस व्यापक बदलाव का मुख्य कारण है। इसका असर उत्तर भारत से लेकर उत्तर-पूर्वी राज्यों तक देखा जा रहा है। कई इलाकों में तेज गर्मी के बाद अचानक बारिश और ओले गिरने की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है, लेकिन दैनिक जीवन पर असर भी पड़ा है।

 Nationalbreaking.com । नेशनल ब्रेकिंग - सबसे सटीक
  • गुरुवार रात से दिल्ली-NCR में तेज आंधी और धूल भरी हवाएं चलने से कई इलाकों में पेड़ गिर गए और जलभराव की समस्या बन गई।
  • खराब मौसम के कारण दिल्ली एयरपोर्ट पर फ्लाइट्स लेट हुईं और कुछ उड़ानों को डायवर्ट करना पड़ा।
  • राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश समेत कई राज्यों में शुक्रवार से आंधी, ओलावृष्टि और बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
  • जयपुर, जैसलमेर, पाली जैसे शहरों में ओले गिरने और तापमान में गिरावट दर्ज की गई। वहीं मणिपुर, त्रिपुरा, ओडिशा जैसे पूर्वोत्तर राज्यों में भी बारिश का अलर्ट है।
  • मौसम विभाग ने अगले 3 दिनों तक अलग-अलग राज्यों में भारी बारिश, ओलावृष्टि और गर्मी के अलर्ट की जानकारी दी है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो सकता है।
अन्य खबरें