दिल्ली-एनसीआर में भी शनिवार को तेज तूफान और बारिश का असर देखने को मिला। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर दो घंटे तक फ्लाइट ऑपरेशन प्रभावित रहा, जिससे यात्रियों को खासी परेशानी हुई।
मध्य प्रदेश और राजस्थान के कई जिलों में मौसम ने अचानक करवट ली। भोपाल, इटारसी, छिंदवाड़ा, सिवनी जैसे इलाकों में तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि देखने को मिली। तापमान में 10 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई। धूलभरी हवाओं और बारिश के इस दौर ने आम जनजीवन को प्रभावित किया।
25 राज्यों में मौसम विभाग का अलर्ट
मौसम विभाग ने रविवार को उत्तर प्रदेश, बिहार, ओडिशा, झारखंड, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़ समेत 25 राज्यों में बारिश और आंधी की चेतावनी जारी की है। कई स्थानों पर 60–70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। पूर्वी राजस्थान, मध्य प्रदेश और बिहार के कुछ जिलों में ओलावृष्टि की भी आशंका जताई गई है।
तीन दिन का पूर्वानुमान: अलग-अलग राज्यों में भारी बारिश और ओलों की संभावना
- 5 मई: बिहार, झारखंड, ओडिशा, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में तेज हवाओं और बारिश की संभावना।
- 6 मई: राजस्थान, गुजरात और छत्तीसगढ़ में मौसम का असर रहेगा, कर्नाटक और केरल में भी बारिश के आसार।
- 7 मई: गुजरात, महाराष्ट्र और पूर्वोत्तर राज्यों में बारिश और ओले गिरने की संभावना, दक्षिण भारत के कई हिस्सों में भी मौसम बिगड़ सकता है।
भोपाल से इंदौर तक 45 जिलों में अलर्ट, नरसिंहपुर सबसे गर्म
मध्य प्रदेश के 45 जिलों में रविवार को अलर्ट जारी किया गया है। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, उज्जैन और जबलपुर जैसे शहरों में तेज हवाएं और ओलावृष्टि की संभावना बनी हुई है। वहीं, नरसिंहपुर में तापमान 43.8 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जो राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा।
हरियाणा में तीन दिन का अलर्ट, तापमान में 3.1 डिग्री की गिरावट
हरियाणा में रविवार से मंगलवार तक बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिलेगा। मौसम विभाग ने तीन दिन का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। शुक्रवार को हुई हल्की बारिश के चलते राज्य में तापमान सामान्य से 3.1 डिग्री नीचे चला गया।
फिलहाल देश में तीन साइक्लोनिक सर्कुलेशन सक्रिय हैं और दो टर्फ सिस्टम गुजर रहे हैं। इसके कारण बारिश, आंधी और ओलों का असर अगले चार दिन यानी 7 मई तक बना रह सकता है।