शनिवार, मई 2, 2026
spot_img
होमटॉप न्यूजराजस्थान तप रहा, छत्तीसगढ़-ओडिशा में समय से पहले मानसून की एंट्री, दिल्ली-UP...

राजस्थान तप रहा, छत्तीसगढ़-ओडिशा में समय से पहले मानसून की एंट्री, दिल्ली-UP में बारिश का अलर्ट

देशभर में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। जहां राजस्थान में लू जानलेवा साबित हो रही है, वहीं पूर्वी और उत्तर-पूर्वी राज्यों में मानसून समय से पहले दस्तक दे चुका है। मौसम विभाग ने देश के आधे से ज्यादा राज्यों में अगले तीन दिनों के लिए बारिश, आंधी और हीटवेव को लेकर यलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

राजस्थान में लू से महिला की मौत

राजस्थान में गर्मी का कहर थम नहीं रहा। बूंदी जिले में गर्मी से 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। मौसम विभाग ने 29 मई को प्रदेश के नौ जिलों में येलो अलर्ट और 20 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है। तापमान 46 डिग्री तक पहुंच सकता है। भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़ और जैसलमेर जैसे शहरों में दोपहर बाद तेज आंधी और बारिश के चलते टीन शेड उड़ गए और सड़कों पर पानी भर गया।

छत्तीसगढ़ और ओडिशा में जल्दी पहुंचा मानसून

छत्तीसगढ़ में मानसून 12 दिन पहले 28 मई को दंतेवाड़ा पार कर गया। पिछले 5 दिनों में यहां 34.6 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो सामान्य से नौ गुना अधिक है। उधर, ओडिशा में भी मानसून 13 दिन पहले पहुंच चुका है। मौसम विभाग ने जून-सितंबर के दौरान औसत से 106% ज्यादा बारिश का अनुमान जताया है।

दिल्ली-NCR, यूपी और बिहार में बारिश का अलर्ट

दिल्ली में 31 मई तक 70 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने और बारिश की चेतावनी दी गई है। यूपी में 50 जिलों में बारिश का अलर्ट है। लखनऊ, उन्नाव, मिर्जापुर जैसे जिलों में तेज बारिश और बिजली गिरने की घटनाएं सामने आईं हैं। मिर्जापुर में बिजली गिरने से दो सगी बहनों की मौत हो गई।

बिहार में भी बंगाल की खाड़ी में बने दबाव के कारण 3 जून तक आंधी और बारिश के आसार हैं। राज्य के सभी 38 जिलों में चेतावनी जारी की गई है। मानसून में सामान्य से 11% ज्यादा बारिश होने की संभावना है।

पूर्वोत्तर राज्यों में चेतावनी और स्कूल बंद

असम के 23 जिलों में अगले 2-3 दिनों तक भारी बारिश और बाढ़ का खतरा है। मिजोरम में स्कूल बंद कर दिए गए हैं और लोगों के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं। यहां लैंडस्लाइड की आशंका ज्यादा जताई गई है।

हरियाणा, हिमाचल और पंजाब में भी असर

हरियाणा में 29-31 मई तक बारिश के कारण तापमान में गिरावट की संभावना है। हिमाचल प्रदेश के छह जिलों में बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी दी गई है। पंजाब में भी 3 जून तक यलो अलर्ट लागू है। इस बार मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है और 25 जून से पहले पंजाब में दस्तक देने की संभावना है।

मध्यप्रदेश में गर्मी कम, बारिश ज्यादा

मध्यप्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी हुआ है। इंदौर, भोपाल, उज्जैन और जबलपुर संभाग में आंधी और तेज बारिश का दौर बना हुआ है। नौतपा के दौरान इस बार गर्मी नहीं, बल्कि बारिश रिकॉर्ड कर रही है।

अन्य खबरें