इंडोनेशिया के पास समुद्र में चल रहे एक पैसेंजर जहाज में अचानक आग लग गई. जहाज का नाम KM Barcelona VA बताया गया है, जिसमें करीब 280 लोग सवार थे. आग लगने के बाद जहाज से काला धुआं उठता दिखा और लोग जान बचाने के लिए समंदर में कूद गए. अब तक तीन लोगों की मौत और 18 के घायल होने की पुष्टि हुई है. कई लोग अभी भी लापता हैं, जिनकी तलाश जारी है. हादसे का खौफनाक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है.
280 यात्रियों से भरा जहाज समंदर में आग की लपटों में घिरा
यह हादसा रविवार दोपहर करीब 1:30 बजे हुआ, जब KM Barcelona VA नाम का जहाज तालिस द्वीप के पास से गुजर रहा था. आग इतनी तेजी से फैली कि यात्रियों को जहाज से कूदकर जान बचानी पड़ी. वीडियो में साफ दिख रहा है कि लोग नारंगी रंग की लाइफ जैकेट पहनकर समंदर में छलांग लगा रहे हैं. कुछ लोग बच्चों को सीने से लगाकर समुद्र में कूदते दिखे. चारों तरफ अफरा-तफरी का माहौल था.
तीन बड़े जहाजों को भेजा गया मौके पर रेस्क्यू के लिए
आग लगने की जानकारी मिलते ही KM Barcelona III, KM Venecian और KM Cantika Lestari 9F नाम के तीन बड़े जहाजों को तुरंत मौके पर भेजा गया. इन जहाजों की मदद से पानी में कूदे यात्रियों को सुरक्षित निकालने की कोशिश हुई. कुछ यात्रियों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि लापता लोगों की तलाश के लिए तलाशी अभियान जारी है.
डेक पर अफरा-तफरी, क्रू कर रहा था मदद
एक अन्य वीडियो में दिखा कि जहाज के डेक पर भारी भीड़ थी. क्रू मेंबर्स यात्रियों को लाइफ जैकेट बांधने और सही तरीके से कूदने की सलाह दे रहे थे. आग इतनी भयानक थी कि नीले-सफेद रंग का पूरा जहाज देखते ही देखते काले मलबे में तब्दील हो गया. स्थानीय प्रशासन ने जांच के आदेश दिए हैं.
ऐसा ही हादसा कुछ दिन पहले भी हुआ था
इसी महीने की शुरुआत में ‘द मॉर्निंग मिडास’ नाम का एक कार्गो जहाज भी आग की वजह से समंदर में डूब गया था. उस जहाज में 3000 गाड़ियां लदी थीं, जिनमें से करीब 800 इलेक्ट्रिक व्हीकल थे. अमेरिकी कोस्ट गार्ड ने उस जहाज की तस्वीरें जारी की थीं, जिसमें धुएं का गुबार साफ दिख रहा था. बाद में शिपिंग कंपनी ने पुष्टि की कि जहाज को बचाया नहीं जा सका.
अब तक 3 की मौत, 18 घायल और कई लापता
रिपोर्ट्स के मुताबिक इस हादसे में अब तक 3 लोगों की मौत हो चुकी है और 18 घायल हुए हैं. कुछ लोग अब भी लापता हैं. राहत और बचाव का काम लगातार जारी है. नॉर्थ सुलावेसी डिजास्टर मैनेजमेंट एजेंसी के मुताबिक आग का कारण अभी साफ नहीं हो पाया है, लेकिन जहाज में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है.

- इंडोनेशिया में KM Barcelona VA जहाज में आग लगी, 280 यात्री थे सवार।
- घबराए यात्री जान बचाने के लिए समंदर में कूदे, वीडियो वायरल।
- हादसे में 3 की मौत, 18 घायल, कुछ लोग अब भी लापता।
- तीन बड़े जहाज भेजे गए रेस्क्यू के लिए, बचाव कार्य जारी।
- इससे पहले भी 3000 गाड़ियों वाला कार्गो शिप समुद्र में डूबा था।

