राजस्थान की इंस्टाग्राम इंफ्लुएंसर भंवरी देवी उर्फ भाविका को 152 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ गिरफ्तार किया गया है। वो यह खेप गुजरात ले जा रही थी। पुलिस ने उसे सांचौर के पास बस से पकड़ा। वह एक ट्रिप के 10 हजार रुपए चार्ज करती थी। भंवरी पिछले एक साल से ड्रग्स सप्लाई कर रही थी, और माल पहुंचाने से पहले सिर्फ लोकेशन दी जाती थी। पुलिस लगातार पूछताछ कर रही है और ड्रग नेटवर्क का खुलासा होने की उम्मीद है।
इंस्टाग्राम पर फॉलोअर्स, असल में ड्रग्स नेटवर्क
भंवरी देवी उर्फ भाविका के इंस्टाग्राम पर 86 हजार से ज्यादा फॉलोअर्स हैं, लेकिन असल जिंदगी में वो एक ड्रग्स सप्लायर निकली। रविवार को वो जैसलमेर से गुजरात जाने वाली रोडवेज बस में सफर कर रही थी, तभी पुलिस ने उसकी तलाशी लेकर 152 ग्राम एमडी ड्रग्स जब्त की। ये खेप उसे बाड़मेर की चनणी देवी नाम की महिला ने दी थी।
एक साल से चल रहा था ड्रग्स का खेल
SHO बलदेवराम के मुताबिक, भंवरी पिछले करीब एक साल से नशे की खेप पहुंचा रही थी। हर ट्रिप के लिए उसे 10 हजार रुपए मिलते थे। उसे ये भी नहीं बताया जाता था कि माल किसे देना है, बस लोकेशन भेज दी जाती थी और गुजरात पहुंचकर अगला कॉन्टैक्ट मिलता था।
गुजरात में थी अगली डिलीवरी, पुलिस को पहले ही मिल गया इनपुट
बाड़मेर पुलिस को इनपुट मिला था कि भंवरी एमडी ड्रग्स की डिलीवरी के लिए रवाना हो चुकी है। फौरन ही रामजी की गोल चौकी और फिर चितलवाना थाना पुलिस को अलर्ट किया गया। सांचौर में नेशनल हाईवे-68 पर सिवाड़ा पुलिस चौकी के पास बस को रोककर भंवरी को गिरफ्तार किया गया।
पकड़ने के बाद किया कई लोगों को कॉल, किसी ने नहीं उठाया
जब पुलिस ने भंवरी को हिरासत में लिया तो उसने अपने रिश्तेदारों और जान-पहचान वालों को फोन किया, लेकिन किसी ने रिस्पॉन्स नहीं दिया। पूछताछ के बाद रात 9 बजे उसे आधिकारिक तौर पर गिरफ्तार कर लिया गया।
ड्रग्स की मार्केट वैल्यू 5 लाख रुपए, पति गुजरात में ठेकेदार
भंवरी के पास से जब्त एमडी ड्रग्स की बाजार में कीमत लगभग 5 लाख रुपए आंकी गई है। उसका पति टीलाराम ऊंझा (गुजरात) में ठेकेदारी करता है। पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि क्या पति इस पूरे रैकेट में शामिल था या नहीं।

- इंस्टाग्राम इंफ्लुएंसर भंवरी देवी को 152 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ सांचौर में पकड़ा गया।
- वह एक साल से हर ट्रिप पर 10 हजार रुपए लेकर ड्रग्स पहुंचा रही थी।
- ड्रग्स की ये खेप गुजरात के मेहसाणा ले जाई जा रही थी, पुलिस ने पहले ही इनपुट ले लिया था।
- गिरफ्तारी के वक्त भंवरी ने कई लोगों को कॉल किया, लेकिन किसी ने फोन नहीं उठाया।
- पुलिस पूछताछ जारी है, ड्रग नेटवर्क के और लिंक तलाशे जा रहे हैं।

