जापान ने इंटरनेट की दुनिया में नया इतिहास रच दिया है। वहां के वैज्ञानिकों ने इतनी तेज़ इंटरनेट स्पीड हासिल की है कि अब 100GB की फाइल को एक सेकंड के 10,000वें हिस्से में डाउनलोड किया जा सकता है। जापान के नेशनल इंस्टिट्यूट ऑफ इन्फॉर्मेशन एंड कम्युनिकेशंस टेक्नोलॉजी (NICT) ने 1.02 पेटाबिट प्रति सेकंड की रफ्तार दर्ज की है, जो आज तक किसी भी देश ने हासिल नहीं की।
NICT ने रचा नया कीर्तिमान
NICT की फोटोनिक नेटवर्क लैब ने ये उपलब्धि यूरोपीय वैज्ञानिकों और जापानी कंपनी सुमितोमो इलेक्ट्रिक के साथ मिलकर हासिल की। उन्होंने खास तरह की ऑप्टिकल फाइबर केबल का इस्तेमाल किया, जो दिखने में तो सामान्य केबल जैसी है, लेकिन इसमें 19 कोर लगे हैं। इस तकनीक से 1,808 किलोमीटर तक हाई-स्पीड डेटा ट्रांसफर किया गया।
भारत और अमेरिका से कितनी तेज़ है ये स्पीड
भारत में जहां औसत इंटरनेट स्पीड 63.55 Mbps है, वहीं जापान की इस स्पीड की तुलना करें तो यह करीब 1.6 करोड़ गुना तेज़ है। अमेरिका जैसी टेक्नोलॉजी सुपरपावर भी इस मामले में पीछे रह गई है, क्योंकि वहां की औसत स्पीड से यह करीब 35 लाख गुना ज्यादा तेज़ है।
कैसे किया गया डेटा ट्रांसफर
इस एक्सपेरिमेंट में शोधकर्ताओं ने 86.1 किलोमीटर लंबी 19 ऑप्टिकल लूप्स का इस्तेमाल किया, जिसे 21 बार दोहराया गया। इससे सिग्नल कुल 1,808 किलोमीटर का सफर तय करते हुए 180 अलग-अलग डेटा स्ट्रीम में बंट गया। इसका कुल डेटा फ्लो 1.86 एक्साबिट प्रति सेकंड प्रति किलोमीटर पहुंच गया — जो अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा है।
Netflix और Wikipedia को हजारों बार डाउनलोड कर पाएंगे
इस स्पीड से कोई व्यक्ति नेटफ्लिक्स की पूरी लाइब्रेरी या विकिपीडिया का अंग्रेजी वर्जन एक सेकंड में हजारों बार डाउनलोड कर सकता है। इतना ही नहीं, 8K वीडियो, हाई-रेजोल्यूशन गेम्स और बड़े-बड़े फाइल्स भी पलक झपकते ही डाउनलोड हो सकते हैं।
पुरानी केबल में ही किया सुधार
शोधकर्ताओं ने बताया कि उन्होंने किसी नई केबल को नहीं बनाया, बल्कि पुरानी केबल के डिज़ाइन में थोड़ा बदलाव किया और मोटाई सिर्फ 0.125 मिमी बढ़ाई। यानि, आने वाले समय में मौजूदा इंफ्रास्ट्रक्चर को बदले बिना भी यह सुपरस्पीड इंटरनेट संभव हो सकता है।

- जापान के NICT ने 1.02 पेटाबिट प्रति सेकंड की इंटरनेट स्पीड का नया रिकॉर्ड बनाया।
- 19-कोर ऑप्टिकल फाइबर के जरिये 1,808 किलोमीटर तक डेटा ट्रांसफर किया गया।
- भारत से यह स्पीड 1.6 करोड़ और अमेरिका से 35 लाख गुना ज्यादा तेज़ है।
- इस स्पीड पर 100GB की फाइल 1 सेकंड के 10,000वें हिस्से में डाउनलोड हो सकती है।
- टीम ने पुरानी केबलों को हल्के बदलाव के साथ इस्तेमाल कर यह उपलब्धि हासिल की।

