Tuesday, October 27, 2026
spot_img
Homeराजस्थानMRI से पहले कपड़े चेंज करती महिला का वीडियो बनाता गार्ड रंगेहाथ...

MRI से पहले कपड़े चेंज करती महिला का वीडियो बनाता गार्ड रंगेहाथ पकड़ा गया, पुलिस ने किया गिरफ्तार

जोधपुर के मथुरादास माथुर अस्पताल में सोमवार रात एक हैरान करने वाला मामला सामने आया, जिसने सरकारी अस्पतालों की सुरक्षा व्यवस्था पर गहरे सवाल खड़े कर दिए हैं। न्यूरो वार्ड में भर्ती एक महिला मरीज जब MRI प्रक्रिया के लिए चेंजिंग रूम में कपड़े बदल रही थी, तभी वहां ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा गार्ड ने मोबाइल से उसका वीडियो बना लिया।

मोबाइल में रिकॉर्डिंग देखकर मचा हड़कंप

बताया जा रहा है कि आरोपी गार्ड रहीमुद्दीन ने पहले से चेंजिंग रूम में मोबाइल ऑन कर छिपा दिया था। जैसे ही महिला की नजर मोबाइल पर पड़ी, उसने तत्काल शोर मचाया। मौके पर पहुंचे स्टाफ और अन्य मरीजों ने तुरंत स्थिति को संभालते हुए पुलिस को सूचना दी।

पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

हॉस्पिटल में तैनात पुलिस चौकी की टीम तुरंत MRI सेंटर पहुंची और आरोपी गार्ड को हिरासत में लिया। बाद में उसे शास्त्री नगर थाने ले जाया गया, जहां पीड़िता के भाई ने औपचारिक रिपोर्ट दर्ज करवाई। फिलहाल आरोपी को शांति भंग की धारा में गिरफ्तार कर लिया गया है और उसके मोबाइल को जब्त कर फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है।

BNS की धाराओं में दर्ज होगा मामला

पुलिस का कहना है कि शुरुआती कार्रवाई के बाद अब आरोपी के खिलाफ भारत न्याय संहिता (BNS) की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाएगा। जांच के बाद साक्ष्य के आधार पर अगली कार्रवाई की जाएगी। इस घटना ने अस्पतालों में संवेदनशील स्थानों की निगरानी और सुरक्षा मानकों की तत्काल समीक्षा की आवश्यकता पर जोर दिया है।

अन्य खबरें