Sunday, October 25, 2026
spot_img
Homeराज्यमनोहर लाल खट्टर ने सांसद रामचंद्र जांगड़ा के बयान को गलत बताया,...

मनोहर लाल खट्टर ने सांसद रामचंद्र जांगड़ा के बयान को गलत बताया, कहा- यह भाजपा की सोच नहीं

करनाल से सांसद और केंद्र सरकार में मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा के विवादित बयान से खुद को अलग कर लिया है। खट्टर ने कहा कि जांगड़ा का यह व्यक्तिगत विचार हो सकता है, लेकिन भाजपा का इससे कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि जो बहनें अपना सिंदूर खो चुकी हैं, उनके बारे में इस तरह की टिप्पणी करना गलत है।

जांगड़ा ने कहा था- वीरांगना भाव नहीं था, इसलिए मारे गए लोग

शनिवार को भिवानी में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान सांसद रामचंद्र जांगड़ा ने दावा किया था कि अगर पहलगाम हमले में मारे गए यात्रियों में ‘वीरांगना भाव’ होता तो 26 लोगों की जान न जाती। उन्होंने कहा था कि महिलाओं में जोश और वीरता की कमी रही, जिससे पर्यटक आतंकियों का शिकार बन गए।

अग्निवीर योजना का जिक्र, यात्रियों को हथियार उठाने की दी सलाह

जांगड़ा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अग्निवीर योजना का हवाला देते हुए कहा कि यदि यात्रियों को किसी तरह की सुरक्षा ट्रेनिंग मिली होती या उनके पास लाठी-डंडे होते तो वे आतंकवादियों पर हमला कर सकते थे। उन्होंने दावा किया कि इस स्थिति में अधिकतर लोग बच सकते थे और आतंकी मारे जा सकते थे।

खट्टर ने दी संयम बरतने की सलाह, जांगड़ा ने खेद जताया

मनोहर लाल ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि जांगड़ा ने स्पष्टीकरण में बताया है कि उनका उद्देश्य महिलाओं में साहस को बढ़ावा देना था, लेकिन बयान का गलत संदर्भ लिया गया। खट्टर ने यह भी कहा कि जांगड़ा ने उन लोगों से खेद व्यक्त किया है जिनकी भावनाओं को ठेस पहुंची। उन्होंने मामले को यहीं समाप्त करने की अपील की।

अन्य खबरें