गुरूवार, जून 4, 2026
spot_img
होमटॉप न्यूजकोटा में ट्रक से टकराई मिनी बस: सगाई से लौट रहे ज्वेलर...

कोटा में ट्रक से टकराई मिनी बस: सगाई से लौट रहे ज्वेलर परिवार के 4 की मौत, 10 घायल

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर रविवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने सगाई से लौट रहे एक ज्वेलर परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं। कोटा ग्रामीण क्षेत्र के दीगोद उपखंड में चंबल पुल के पास तेज रफ्तार में जा रही एक मिनी बस सामने चल रहे ट्रक में जा घुसी। इस दर्दनाक टक्कर में परिवार के चार सदस्यों की जान चली गई, जबकि 10 अन्य लोग घायल हो गए, जिनमें से सात की हालत गंभीर बताई जा रही है।

रात में इंदौर से लौट रहा था परिवार

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, करौली जिले के सीताबाड़ी क्षेत्र से जुड़ा यह परिवार शनिवार को इंदौर में आयोजित एक सगाई और गोदभराई समारोह में शामिल हुआ था। कार्यक्रम खत्म होने के बाद शनिवार रात 9 बजे सभी सदस्य मिनी बस से लौटने के लिए निकले थे। हादसा सुबह करीब 5 बजे बुढ़ादीत गांव के पास हुआ।

हादसे की आशंका: झपकी और तेज रफ्तार

घटनास्थल पर मिले साक्ष्यों से यह अंदाजा लगाया जा रहा है कि मिनी बस काफी तेज गति में थी। दुर्घटना की प्रकृति को देखते हुए प्रथम दृष्टया आशंका जताई जा रही है कि ड्राइवर को नींद की झपकी आ गई होगी, जिससे बस संतुलन खो बैठी और ट्रक में जा घुसी।

मृतकों में दो सगे भाई, मां और दामाद शामिल

इस दुर्घटना में जान गंवाने वालों में ब्रजेश सोनी (45), अनिल सोनी (48), गीता सोनी (63) और सुरेश सोनी (45) शामिल हैं। ब्रजेश और अनिल सगे भाई थे, जिनका परिवार करौली में आभूषण व्यवसाय करता है। गीता उनकी मां थीं, जबकि सुरेश गीता के दामाद और पेशे से सरकारी शिक्षक थे, जिनकी तैनाती भरतपुर में थी।

तीन की मौके पर ही मौत, एक ने अस्पताल में दम तोड़ा

अनिल सोनी के बेटे रानू की सगाई में शामिल होने के लिए पूरा परिवार इंदौर गया था। रानू बेंगलुरु में इंजीनियर हैं। परिवार के कुल 14 सदस्य इस बस में सवार थे। टक्कर के बाद तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि एक सदस्य की जान एमबीएस हॉस्पिटल, कोटा में इलाज के दौरान चली गई।

सात अस्पताल में भर्ती, तीन को छुट्टी

हादसे के बाद बुढ़ादीत थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य में जुट गई। मृतकों और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। अनिल के भतीजे संजय ने बताया कि घायल सानिया, ममता, संजू, छोटू समेत सात लोगों का इलाज जारी है। इनमें से चार को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि तीन एमबीएस हॉस्पिटल में हैं। तीन अन्य को प्राथमिक इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई है।

अन्य खबरें