कोटा में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे एक छात्र ने बोर्ड परीक्षा के रिजल्ट के बाद आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान अनिकेश के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बिहार का रहने वाला था और कोटा के जवाहर नगर इलाके में निजी कोचिंग संस्थान में पढ़ाई कर रहा था।
सीबीएसई 10वीं बोर्ड परीक्षा में उसे 61 फीसदी अंक मिले थे, जिससे वह बेहद निराश और तनावग्रस्त था। रिजल्ट आने के ठीक एक दिन बाद, यानी 14 मई को उसने घर में पंखे से फंदा लगाकर जान देने की कोशिश की।
इलाज के दौरान गई जान, पुलिस ने की पुष्टि
सूचना मिलते ही परिवार ने उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां एमबीएस हॉस्पिटल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। जांच अधिकारी के अनुसार, छात्र ने अपने कमरे में आत्महत्या का प्रयास किया था। अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
परिजनों ने पुलिस को बताया कि रिजल्ट के बाद से ही वह गहरे तनाव में था। वह अपने अंकों से संतुष्ट नहीं था और अंदर ही अंदर दबाव झेल रहा था।
पिता की पोस्टिंग बिहार में
अनिकेश के पिता बिहार के गया में सरकारी सेवा में कार्यरत हैं, जबकि वह अपनी मां के साथ कोटा में रहकर पढ़ाई कर रहा था। मां की मौजूदगी में ही छात्र ने यह आत्मघाती कदम उठाया, जिससे परिवार में गहरा शोक व्याप्त है।
परिजनों ने किसी तरह की कानूनी कार्रवाई से इनकार किया है और फिलहाल शव को एमबीएस अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।

