हरियाणा के चरखी दादरी जिले के समसपुर गांव के रहने वाले लांसनायक मनोज फोगाट पंजाब के कपूरथला में ड्यूटी के दौरान गोली लगने से शहीद हो गए। गुरुवार सुबह यह दुखद सूचना सेना की ओर से गांव के एक पूर्व सूबेदार को दी गई, जिसके बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
34 वर्षीय मनोज हाल ही में दो मई को अपने बेटे प्रिंस का जन्मदिन मनाकर चार मई को ड्यूटी पर लौटे थे। अब उनका पार्थिव शरीर लौटने की खबर ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया है।
सेना ने सुबह 6 बजे दी सूचना, कुछ ग्रामीण कपूरथला रवाना हुए
गांव के ही सेवानिवृत्त सूबेदार योगेंद्र को सेना से सुबह करीब 6:10 बजे कॉल आया, जिसमें बताया गया कि मनोज को गोली लगी है। योगेंद्र पहले मनोज की ही यूनिट में तैनात थे। सूचना मिलते ही गांव से पांच-छह ग्रामीण कपूरथला के लिए रवाना हो गए।
बताया गया है कि शहीद मनोज का अंतिम संस्कार शुक्रवार को किया जाएगा। फिलहाल परिवार को आधिकारिक तौर पर जानकारी नहीं दी गई है, लेकिन गांव के लोग पड़ोसी घर में एकत्र होकर शोक संतप्त माहौल में एक-दूसरे को ढांढ़स बंधा रहे हैं।
परिवार में पत्नी और दो मासूम बच्चे
मनोज फोगाट के जीवन में संघर्ष की छाया पहले से रही है। उनके पिता रणबीर की मृत्यु करीब 10 साल पहले दिल का दौरा पड़ने से हो गई थी। बड़े भाई कर्मपाल की मौत एक रेल हादसे में हुई थी, वहीं करीब 5 साल पहले बहन की भी बीमारी से मौत हो चुकी है।
अब मनोज के जाने से परिवार पर चौथा गहरा आघात हुआ है। उनकी पत्नी रेखा, बेटी दीक्षा (8) और बेटा प्रिंस (6) अब अकेले पड़ गए हैं।
मुख्यमंत्री ने जताया शोक, कहा–देश बलिदान को याद रखेगा
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने सोशल मीडिया पर श्रद्धांजलि देते हुए लिखा, “गांव समसपुर के वीर सपूत मनोज फोगाट देश की सेवा करते हुए वीरगति को प्राप्त हुए हैं। मैं उनके बलिदान को नमन करता हूं। यह देश सदैव उनकी शहादत को याद रखेगा।”
सीएम ने शहीद परिवार के प्रति गहरी संवेदनाएं प्रकट कीं और ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना की।

