22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम की बाइसरन घाटी में आतंकी हमला हुआ था, जिसमें 26 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई थी। मारे गए लोगों में हरियाणा के करनाल से लेफ्टिनेंट विनय नरवाल भी शामिल थे। इस हमले की जिम्मेदारी लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े एक ग्रुप पर बताई जा रही है। इसी के बाद अब भारत की जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई की गैंग ने पाकिस्तान को सीधी धमकी दी है।
सोशल मीडिया पर धमकी, हाफिज सईद की फोटो पर क्रॉस
लॉरेंस गैंग ने सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर लिखा- “तुमने हमारे निर्दोष मारे हैं, अब हम पाकिस्तान में घुसकर एक ऐसा आदमी मारेंगे जो एक लाख के बराबर होगा।” साथ ही पोस्ट में आतंकी हाफिज सईद की फोटो पर लाल क्रॉस का निशान बनाया गया है। इसमें लिखा गया है- “हाथ मिलाओगे तो गले लगाएंगे, आंख दिखाओगे तो आंख निकाल लेंगे।”
पोस्ट में कई गैंगों का जिक्र, सीधा निशाना पाकिस्तान पर
लॉरेंस के अलावा इस पोस्ट में जितेंद्र गोगी, हाशिम बाबा, काला राणा, गोल्डी बराड़ और रोहित गोदारा जैसे कुख्यात गैंगस्टरों का भी नाम लिखा है। साफ है कि ये कोई अकेले की धमकी नहीं, बल्कि संगठित गैंग वॉर का एलान है। बिश्नोई गैंग पाकिस्तान की धरती पर बदले की कार्रवाई करने का दावा कर रहा है।
हाफिज सईद पर भारत की नजरें, पाकिस्तान ने शिफ्ट किया सेफ हाउस
हाफिज सईद वही आतंकी है जो 26/11 मुंबई हमलों का मास्टरमाइंड रहा है। उस पर अमेरिका ने भी 10 मिलियन डॉलर का इनाम घोषित किया हुआ है। अब मीडिया रिपोर्ट्स का कहना है कि पाकिस्तान सरकार को डर है कि भारत की ओर से कोई टारगेटेड ऑपरेशन हो सकता है। इसी डर से हाफिज को एक सेफ हाउस में शिफ्ट कर दिया गया है।
जेल में बैठकर भी देशभर में दहशत फैला रहा लॉरेंस
लॉरेंस बिश्नोई इस वक्त गुजरात की साबरमती जेल में बंद है और उस पर 84 से ज्यादा केस दर्ज हैं। 2016 में नेपाल से गिरफ्तारी के बाद वह लगातार जेल में है। बावजूद इसके, सिद्धू मूसेवाला और सुखदेव गोगामेड़ी जैसे हाई-प्रोफाइल मर्डर केसों में उसका नाम सामने आता रहा है। माना जाता है कि लॉरेंस जेल से ही अपना पूरा नेटवर्क ऑपरेट करता है।
पढ़ाई छोड़ कर कैसे बना खौफ का दूसरा नाम
पंजाब के फाजिल्का का रहने वाला लॉरेंस पढ़ाई के दौरान चंडीगढ़ के DAV कॉलेज में राजनीति में उतरा था। छात्र संगठन बनाने से लेकर गैंग से भिड़ने तक उसका सफर बहुत जल्दी अपराध की राह पर चला गया। पहले रिवॉल्वर खरीदी, फिर गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया और संपत नेहरा जैसे बदमाशों से हाथ मिला लिया। इसके बाद फिरौती, मर्डर और ड्रग तस्करी जैसे संगठित अपराधों का वो बड़ा चेहरा बन गया।

- पहलगाम आतंकी हमले के बाद लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने पाकिस्तान को बदले की खुली धमकी दी है।
- गैंग ने सोशल मीडिया पर हाफिज सईद की फोटो पर क्रॉस लगाकर लिखा- अब पाकिस्तान में घुसकर एक ऐसा मारेंगे जो लाख के बराबर होगा।
- पोस्ट में गोल्डी बराड़, गोगी और अन्य कुख्यात गैंगस्टरों का भी नाम शामिल है।
- हाफिज सईद 26/11 का मास्टरमाइंड है, अमेरिका ने उस पर $10 मिलियन का इनाम रखा है।
- लॉरेंस पर 84 से ज्यादा केस दर्ज हैं, फिर भी वह जेल से ही गैंग ऑपरेट कर रहा है।

