अमेरिका के लॉस एंजिलिस शहर में शनिवार सुबह एक बड़ा हादसा हुआ। वेस्ट सांता मोनिका बुलेवार्ड पर एक तेज रफ्तार कार अचानक म्यूजिक वेन्यू के पास खड़ी भीड़ में जा घुसी। हादसे में 28 लोग घायल हो गए हैं, जिनमें 10 की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसा सुबह 2 बजे के आसपास हुआ, जब इलाके में कई लोग पार्टी और इवेंट के चलते मौजूद थे।
ड्राइवर की पहचान नहीं
लॉस एंजिलिस फायर डिपार्टमेंट ने बताया कि हादसे के बाद राहत और बचाव का काम तुरंत शुरू कर दिया गया। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में पहुंचाया जा रहा है। फायर डिपार्टमेंट की टीम मौके पर तैनात है। हालांकि अब तक ये साफ नहीं हो पाया है कि हादसा जानबूझकर किया गया या कार पर ड्राइवर का कंट्रोल छूट गया था। ड्राइवर की पहचान भी अभी तक नहीं हो पाई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक तेज आवाज के बाद मची भगदड़
मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि कार इतनी तेजी से आई कि किसी को संभलने का मौका नहीं मिला। कई लोगों को कार ने बुरी तरह टक्कर मारी। चश्मदीदों का कहना है कि कार के भीड़ में घुसने से पहले गोली चलने जैसी आवाज भी सुनाई दी थी। एक महिला ने बताया कि हादसे के बाद गाड़ी में ड्राइवर बैठा हुआ था, जिसे सिक्योरिटी गार्ड्स ने पकड़कर नीचे गिरा लिया।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ हादसे का वीडियो
इस दर्दनाक हादसे का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें देखा जा सकता है कि एक ग्रे रंग की कार डैमेज हालत में सड़क पर खड़ी है और आसपास मलबा बिखरा पड़ा है। दर्जनों फायर फाइटर और पुलिसकर्मी घटनास्थल पर मौजूद हैं। प्रशासन ने पूरे इलाके को घेर लिया है और आम लोगों से अपील की गई है कि वो वहां ना जाएं।
ऐसे ही हादसे ब्रिटेन में भी हो चुके हैं
इससे पहले मई में ब्रिटेन के लिवरपूल में ऐसा ही हादसा हुआ था, जब एक कार ड्राइवर ने फुटबॉल फैन्स की भीड़ में गाड़ी घुसा दी थी। वहां 47 लोग घायल हुए थे और 53 साल के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। उस समय पुलिस ने इसे आतंकी हमला मानने से इनकार कर दिया था। फिलहाल लॉस एंजिलिस हादसे की जांच जारी है। पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि ड्राइवर का इरादा क्या था। इलाके में डर का माहौल बना हुआ है और प्रशासन सतर्क है।

- लॉस एंजिलिस में एक कार भीड़ में घुस गई, 28 लोग घायल हुए।
- हादसा वेस्ट सांता मोनिका बुलेवार्ड पर सुबह 2 बजे हुआ।
- 10 लोगों की हालत गंभीर, घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
- ड्राइवर की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है।
- चश्मदीदों के मुताबिक हादसे से पहले गोली जैसी आवाज भी सुनाई दी।

