Sunday, October 25, 2026
spot_img
Homeटॉप न्यूजलॉस एंजिलिस में अप्रवासी विरोधी नीति पर हिंसा, 2 की मौत, ट्रम्प...

लॉस एंजिलिस में अप्रवासी विरोधी नीति पर हिंसा, 2 की मौत, ट्रम्प ने भेजे 4000 नेशनल गार्ड्स

कैलिफोर्निया के लॉस एंजिलिस शहर में पिछले चार दिनों से हालात बेकाबू हैं। अवैध अप्रवासियों के खिलाफ शुरू की गई फेडरल कार्रवाई के विरोध में उग्र प्रदर्शन जारी है। अब तक दो लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि सैकड़ों वाहन जलाए जा चुके हैं।

सोमवार को प्रदर्शन ने उग्र रूप ले लिया, जब कुछ प्रदर्शनकारी अमेरिकी झंडे पर थूकते और पुलिस पर पथराव करते नजर आए। शहर के कई इलाकों में सरकारी इमारतों पर स्प्रे पेंट से नारे लिखे गए और दुकानों में तोड़फोड़ की गई। कई स्थानों पर मेक्सिको के झंडे लहराते हुए ‘ICE गो बैक’ के नारे गूंजते रहे।

ट्रम्प ने दी सख्त चेतावनी

राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए बड़ा कदम उठाया है। उन्होंने लॉस एंजिलिस में 2000 अतिरिक्त नेशनल गार्ड्स भेजने का आदेश दिया है, जिससे कुल संख्या 4000 हो गई है। साथ ही 700 मरीन कमांडो भी तैनात किए जा रहे हैं जो दक्षिण कैलिफोर्निया के ट्वेंटी नाइन पाम्स बेस से आ रहे हैं।

यह पहली बार है जब किसी राज्य में गवर्नर की अनुमति के बिना नेशनल गार्ड्स की तैनाती हुई है। ट्रम्प ने सोशल मीडिया पर लिखा, “शहर पर अवैध अप्रवासियों का कब्जा है, इसे अब मुक्त कराना होगा।”

गवर्नर की गिरफ्तारी पर बढ़ी सियासत

कैलिफोर्निया के गवर्नर गेविन न्यूसम इस कदम का खुलकर विरोध कर रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि फेडरल फोर्स की तैनाती जबरन की गई तो राज्य सरकार कानूनी कार्रवाई करेगी।

इस पर ट्रम्प ने पलटवार करते हुए कहा, “अगर न्यूसम को गिरफ्तार किया जाए तो अच्छा होगा। उनका सबसे बड़ा गुनाह यह है कि वे फिर से गवर्नर बनना चाहते हैं।” ट्रम्प के सहयोगी टॉम होमन ने भी दोहराया कि कोई भी अधिकारी अगर फेडरल कानून की राह में रुकावट बनेगा, तो गिरफ्तारी संभव है, हालांकि उन्होंने बाद में यह भी कहा कि अभी न्यूसम की गिरफ्तारी की कोई योजना नहीं है।

पत्रकार पर पुलिस की रबर बुलेट

इस विरोध की रिपोर्टिंग कर रहीं ऑस्ट्रेलियाई पत्रकार लॉरेन टोमासी भी पुलिस कार्रवाई की शिकार बन गईं। नाइन न्यूज की संवाददाता लॉरेन उस समय लाइव रिपोर्टिंग कर रही थीं, जब पुलिस ने उन्हें रबर बुलेट से निशाना बनाया।

वीडियो में दिखा कि बुलेट उनकी टांग पर लगी। पीछे से एक अधिकारी की आवाज आई – “तुमने अभी पत्रकार को मारा!” लॉरेन ने बताया कि “तनाव अब बेकाबू हो चला है, पुलिस प्रदर्शनकारियों को घोड़ों पर सवार होकर सेंट्रल एरिया से खदेड़ रही है।”

डिपोर्टेशन पॉलिसी बनी विरोध की जड़

लॉस एंजिलिस में 6 और 7 जून को अवैध अप्रवासियों के खिलाफ छापेमारी की गई थी। ट्रम्प प्रशासन की ‘डिपोर्टेशन पॉलिसी’ के तहत हर दिन 3000 अप्रवासियों को पकड़ने का लक्ष्य तय किया गया है।

होमलैंड सिक्योरिटी विभाग का दावा है कि रविवार को एक हजार से ज्यादा प्रदर्शनकारियों ने एक फेडरल ऑफिस को घेरकर ICE अधिकारियों पर हमला किया। इसके बाद 100 से ज्यादा प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया।

इन विरोधों में प्रमुख रूप से अप्रवासी समुदाय, स्थानीय निवासी और मानवाधिकार संगठनों के कार्यकर्ता शामिल हैं।

अन्य खबरें