सोशल मीडिया कंपनी मेटा के ट्रांसलेशन फीचर से एक बड़ी चूक सामने आई है। कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने X पर 15 जुलाई को दिग्गज अभिनेत्री बी. सरोजादेवी के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कन्नड़ भाषा में पोस्ट किया था। इस पोस्ट में उन्होंने एक्ट्रेस के पार्थिव शरीर पर श्रद्धांजलि देते हुए तस्वीर साझा की थी, लेकिन जब इसके ‘Translate’ ऑप्शन क्लिक किया गया तो अंग्रेजी में लिखा आया कि कर्नाटक सीएम का निधन हो गया।
इसके बाद मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से सोशल मीडिया कंपनी मेटा को एक पत्र भेजा गया है। इस पत्र में साफ कहा गया कि X पर कन्नड़ भाषा का ट्रांसलेशन अक्सर गलत होता है और इस बार तो पूरी तरह भ्रामक हो गया है। मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार के. वी. प्रभाकर ने लिखा कि “यह गलती तब और गंभीर हो जाती है जब वह किसी आधिकारिक पोस्ट या सरकार के संदेश से जुड़ी हो।”
मेटा से ट्रांसलेशन सुधारने की मांग
पत्र में कन्नड़-इंग्लिश ट्रांसलेशन को अस्थायी रूप से बंद करने की मांग भी की गई, जब तक कि इस फीचर में सुधार न आ जाए। प्रभाकर ने चेताया कि लोग अक्सर यह नहीं समझ पाते कि पढ़ा गया कंटेंट ऑटो ट्रांसलेटेड है, और इससे जनमानस में ग़लतफहमियां गहराती हैं। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म को अधिक जिम्मेदार तरीके से भाषा तकनीक का उपयोग करना चाहिए।
X ने की गलती में सुधार
सीएम की आपत्ति के बाद 17 जुलाई को X ने ट्रांसलेशन एरर को सुधार दिया। अब वही पोस्ट क्लिक करने पर सही अनुवाद दिखाता है, जिसमें CM सिद्धारमैया के शोक संदेश का भाव और अर्थ बरकरार रहता है।

