हरियाणा के अंबाला, यमुनानगर, करनाल, कुरुक्षेत्र, पानीपत और हिसार में बुधवार सुबह से हल्की से लेकर मध्यम बारिश हो रही है। झज्जर, भिवानी और जींद में अभी तक सिर्फ काले बादल छाए हैं, लेकिन मौसम विभाग ने इन जिलों में भी बारिश की संभावना जताई है।
यमुनानगर में गलियों में 2 फीट पानी
यमुनानगर में रात से रुक-रुक कर बारिश होती रही। सुबह तक कुछ इलाकों की गलियों में दो फीट तक पानी जमा हो गया। लोगों को आवाजाही में खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
हिमाचल के काला अंब क्षेत्र में बादल फटने से असर हरियाणा तक पहुंचा। कुरुक्षेत्र की मारकंडा नदी का जलस्तर एकाएक बढ़ गया। प्रशासन ने आसपास के इलाकों में सतर्कता बरतने को कहा है।
25 साल में 14वीं बार समय से पहले मानसून
मौसम विभाग ने मंगलवार को ही पुष्टि कर दी थी कि हरियाणा में मानसून तय समय से 5 दिन पहले यानी 25 जून से ही सक्रिय हो गया है। सामान्यतः यहां मानसून 29 जून को आता है. बीते 25 वर्षों में यह 14वीं बार है जब मानसून जल्दी पहुंचा है। अगले 36 घंटे में मानसून पूरे राज्य को कवर कर लेगा।
ऑरेंज अलर्ट और तापमान में गिरावट
25 और 26 जून के लिए मौसम विभाग ने हरियाणा में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। बीते 24 घंटों में राज्य में औसतन 5.9 मिमी बारिश दर्ज हुई। सबसे ज़्यादा 36 मिमी बारिश कुरुक्षेत्र में हुई।
बारिश के चलते तापमान में भी साफ गिरावट देखने को मिली है। प्रदेश का औसत दिन का तापमान सामान्य से 4.3 डिग्री कम रहा। सिरसा में पारा 38.6°C रहा, जबकि करनाल में 30.2°C. तापमान दर्ज किया गया।
जून में सामान्य से बेहतर बारिश का अनुमान
मौसम विभाग के मुताबिक, इस बार मानसून में 114% बारिश का अनुमान है। यानी औसतन 438 मिमी के मुकाबले करीब 475 मिमी। अब तक 1 से 24 जून तक 38.7 मिमी बारिश हो चुकी है, जबकि पूरे जून में औसतन 54 मिमी बारिश सामान्य मानी जाती है।

