Sunday, October 25, 2026
spot_img
Homeटॉप न्यूजNIA की पंजाब में बब्बर खालसा नेटवर्क के 15 ठिकानों पर छापेमारी,...

NIA की पंजाब में बब्बर खालसा नेटवर्क के 15 ठिकानों पर छापेमारी, मोबाइल-डिवाइस और दस्तावेज जब्त

राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने शुक्रवार को प्रतिबंधित खालिस्तानी आतंकी संगठन बब्बर खालसा इंटरनेशनल (BKI) के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। एजेंसी ने पंजाब के गुरदासपुर, बटाला, अमृतसर और कपूरथला जिलों में कुल 15 ठिकानों पर एकसाथ छापेमारी की। यह कदम दिसंबर 2023 में गुरदासपुर के एक पुलिस स्टेशन पर हुए ग्रेनेड हमले के सिलसिले में उठाया गया है।

NIA की छापेमारी का केंद्र गैंगस्टर हैप्पी पासियां के ठिकाने रहे, जो पाकिस्तान स्थित आतंकी हरविंदर सिंह उर्फ रिंदा का करीबी बताया जा रहा है। छापों के दौरान एजेंसी ने कई मोबाइल फोन, डिजिटल डिवाइस और आपत्तिजनक दस्तावेज बरामद किए हैं।

ग्रेनेड हमलों की साजिश के पीछे रिंदा और हैप्पी का गठजोड़

जांच में सामने आया है कि हैप्पी पासियां ने रिंदा के इशारे पर पंजाब और हरियाणा में पुलिस थानों को निशाना बनाकर ग्रेनेड हमलों की योजना बनाई और उन्हें अंजाम तक पहुंचाया। साथ ही, उसके सहयोगी शमशेर सिंह उर्फ शेरी और हनी भी इस नेटवर्क का हिस्सा रहे हैं।

विदेशी नेटवर्क से जुड़ाव और युवाओं की भर्ती की साजिश

NIA की जानकारी के अनुसार, BKI के सदस्य विदेशी ठिकानों से भारत में आतंकी नेटवर्क तैयार करने, नए मॉड्यूल खड़े करने, हथियारों की सप्लाई और युवाओं की भर्ती में सक्रिय हैं। इसका उद्देश्य भारत में आतंक का विस्तार करना है। यह पूरा मामला गैरकानूनी गतिविधि रोकथाम अधिनियम (UAPA) के तहत दर्ज किया गया है। गृह मंत्रालय के निर्देश पर एनआईए इस मामले की गहराई से जांच कर रही है और आने वाले दिनों में अधिक गिरफ्तारियां भी हो सकती हैं।

अन्य खबरें