दिल्ली के निजामुद्दीन इलाके में शुक्रवार दोपहर एक बड़ा हादसा हुआ, जब हुमायूं के मकबरे के पास स्थित दरगाह शरीफ पत्ते शाह के अंदर बने एक कमरे की छत और दीवार अचानक गिर गई. इस घटना में 3 महिलाओं और 2 पुरुषों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हैं. करीब 11 लोगों को मलबे से बाहर निकाला जा चुका है और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है. अधिकारियों के मुताबिक अब भी कई लोगों के दबे होने की आशंका है.
जुमे की नमाज के दौरान हुआ हादसा
एडवोकेट मुजीब अहमद ने बताया कि जुमे की नमाज के लिए बड़ी संख्या में लोग यहां पहुंचे थे. बारिश के कारण लोग कमरे के अंदर चले गए. हादसे के वक्त कमरे में 15 से 20 लोग मौजूद थे. पहले छत गिरी, उसके बाद दीवार भी ढह गई.
पुरानी छत पर पहले से थी दरार
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह छत काफी पुरानी थी और मरम्मत की जरूरत थी. दरगाह कमेटी ने कई बार एएसआई से रिपेयर की मांग की, लेकिन इजाजत नहीं मिली. बारिश के कारण कमजोर हुई छत आखिरकार गिर गई.
फायर ब्रिगेड की त्वरित कार्रवाई
दिल्ली फायर सर्विस को शाम 3:51 बजे सूचना मिली, जिसके बाद पांच फायर टेंडर मौके पर पहुंचे. बचाव कार्य तेजी से चल रहा है. मलबे में फंसे लोगों को निकालने के लिए टीम लगातार काम कर रही है. घायल लोगों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है. प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को हर संभव सहायता का भरोसा दिया है. हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है.

- दिल्ली के निजामुद्दीन दरगाह में छत और दीवार गिरने से 5 लोगों की मौत, कई घायल.
- हादसा हुमायूं के मकबरे के पास दरगाह शरीफ पत्ते शाह में हुआ.
- बारिश के कारण लोग कमरे में गए, जहां अचानक छत गिरी.
- दरगाह कमेटी ने पहले भी मरम्मत की मांग की थी, लेकिन अनुमति नहीं मिली.
- फायर सर्विस और रेस्क्यू टीम का राहत और बचाव कार्य जारी.

