गुरूवार, जून 4, 2026
spot_img
होमटॉप न्यूजपाक पर भारत का बड़ा पलटवार: ऑपरेशन सिंदूर में आतंकी ठिकानों पर...

पाक पर भारत का बड़ा पलटवार: ऑपरेशन सिंदूर में आतंकी ठिकानों पर 24 मिसाइलें, 100 से ज्यादा दहशतगर्द ढेर

भारत ने पहलगाम आतंकी हमले का करारा जवाब देते हुए मंगलवार देर रात पाकिस्तान और पाक अधिकृत कश्मीर (PoK) में स्थित आतंकी ठिकानों पर हवाई हमला किया। इस कार्रवाई का कोडनेम ‘ऑपरेशन सिंदूर’ रखा गया- एक प्रतीक उन शहीद पत्नियों का, जिनके पति 22 अप्रैल को पहलगाम में आतंकी हिंसा का शिकार बने थे।

भारतीय वायुसेना ने 7 शहरों में फैले 9 आतंकवादी ठिकानों को निशाना बनाते हुए कुल 24 मिसाइलें दागीं। खुफिया सूत्रों के अनुसार, इस हमले में 100 से अधिक आतंकियों के मारे जाने की पुष्टि हुई है। हमले के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वयं ऑपरेशन की निगरानी करते रहे।

पाकिस्तान के रक्षा मंत्री बोले- भारत रुके तो हम भी पीछे हटेंगे

भारत की जवाबी कार्रवाई ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ने कहा कि हम पीछे हटने के लिए तैयार हैं। रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने कहा कि उनका देश अपनी हिफाजत की पूरी क्षमता रखता है, लेकिन यदि भारत पीछे हटने का संकेत देता है, तो पाकिस्तान भी कोई आक्रामक कदम नहीं उठाएगा।

आसिफ ने कहा, “हम टकराव नहीं चाहते। पाकिस्तान अपनी ओर से शांति का संदेश दे रहा है और तनाव को बढ़ने से रोकने की हरसंभव कोशिश कर रहा है। अगर भारत थमेगा, तो हम भी कदम पीछे खींच लेंगे।”

यह बयान ऐसे समय आया है जब भारत की ओर से पाकिस्तानी सीमा के भीतर आतंकियों के खिलाफ की गई एयर स्ट्राइक ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हलचल मचा दी है। पाकिस्तान अब सधी हुई भाषा में जवाब देने की रणनीति अपना रहा है, ताकि तनाव और ना बढ़े।

पाकिस्तान में भ्रम की स्थिति: सरकार और मीडिया के तीन अलग-अलग बयान

भारत के एयरस्ट्राइक के बाद पाकिस्तान की स्थिति स्पष्ट नहीं रही। एयर स्ट्राइक के तुरंत बाद पाकिस्तानी मीडिया और सरकार की ओर से तीन अलग-अलग बयान सामने आए:

  • रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने जियो टीवी को बताया कि भारत ने मिसाइलें दागीं जो नागरिक इलाकों में गिरीं।
  • कुछ पाकिस्तानी चैनलों ने दावा किया कि पाक सेना ने भारत के 6 फाइटर जेट (3 राफेल, 2 मिग-29, 1 सुखोई) को मार गिराया और LOC के पास भारतीय चेकपोस्ट तबाह कर दिए।
  • रात 2 बजे ISPR ने कहा कि हमला केवल 5 ठिकानों पर हुआ और 3 लोगों की मौत हुई। लेकिन सुबह 5 बजे जनरल अहमद शरीफ चौधरी ने बयान बदलते हुए बताया कि भारत ने 6 इलाकों में 24 मिसाइलें दागीं, जिसमें 8 नागरिकों की मौत और 35 घायल हुए।

भारत की सफाई: टारगेट सिर्फ आतंकी संगठन

भारतीय सेना की ओर से स्पष्ट किया गया है कि यह स्ट्राइक केवल आतंकी ठिकानों को निशाना बनाकर की गई। किसी भी पाकिस्तानी सैन्य ठिकाने पर हमला नहीं हुआ है। सरकारी सूत्रों ने पुष्टि की है कि जैश-ए-मोहम्मद और लश्कर-ए-तैयबा के ठिकाने मुख्य लक्ष्य थे।

पहलगाम हमला: 26 की हत्या के पीछे TRF, बाद में पलटा बयान

22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 26 पर्यटक मारे गए थे, जिनमें एक नेपाली नागरिक भी शामिल था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आतंकियों ने यात्रियों से उनका धर्म पूछकर गोली मारी। पहले हमले की जिम्मेदारी TRF (The Resistance Front) ने ली थी, लेकिन कुछ ही घंटों बाद संगठन इससे पलट गया।

अमेरिका ने कहा ‘शर्मनाक’, चीन ने जताई ‘नाराजगी’

भारत की जवाबी कार्रवाई पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “यह शर्मनाक है। लोगों को पता था कि कुछ बड़ा होने वाला है। मुझे उम्मीद है कि यह जल्द ही खत्म होगा।”

वहीं, चीन ने भारत की एयरस्ट्राइक को ‘दुर्भाग्यपूर्ण’ करार दिया, हालांकि उसने आतंकवाद के खिलाफ सख्त रुख की आवश्यकता को नकारा नहीं।

अन्य खबरें